फैजुल्लागंज में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम।
लखनऊ। फैजुल्लागंज क्षेत्र के पुराना दाऊदनगर स्थित मामा कॉलोनी और कैलाश विहार में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को 90 घरों का भ्रमण कर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी बच्चे स्वस्थ पाए गए हैं। टीम ने लोगों को संचारी और मच्छरजनित रोगों से बचाव के उपाय भी बताए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजुल्लागंज की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आसमा, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं की टीम ने घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस के पैकेट भी बांटे गए। वहीं, मेडिकल मोबाइल यूनिट के जरिये क्षेत्र के 61 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
जलभराव से पैदा होते हैं डेंगू के मच्छर
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घर और आसपास पानी जमा न होने देने की अपील की। कूलर का पानी हर सप्ताह खाली कर उसे साफ कर सुखाने, पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखने, पुराने टायर, कबाड़, टूटे बर्तन और नारियल के खोल में पानी जमा न होने देने को कहा। लोगों को सोते समय मच्छरदानी लगाने, पूरी बांह के कपड़े पहनने और जरूरत के अनुसार मच्छररोधी क्रीम का इस्तेमाल करने की सलाह दी। बुखार होने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर की सलाह लेने के लिए कहा गया।
फैजुल्लागंज में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम।