लखनऊ। पेपर मिल कॉलोनी में पत्नी रश्मि की हत्या के आरोपी मुख्य आरक्षी हिमांशु श्रीवास्तव को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उसे जेल भेज दिया। पुलिस की छानबीन में सामने आया है कि हिमांशु ने रश्मि की हत्या तत्काल हुए किसी विवाद में नहीं, बल्कि पहले से साजिश रचकर की थी। इसके लिए उसने दो दिन का अवकाश भी लिया था।
हत्या के बाद भी आरोपी कहीं भागा नहीं। वह सामान्य रूप से घर के बाहर टहलता रहा और बच्चे को साथ लेकर करीब तीन घंटे तक घूमता दिखाई दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हिमांशु को निलंबित किया जा चुका है।
डीसीपी मध्य विक्रांत वीर ने बताया कि आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा। पूछताछ में उसने हत्या की वजह स्पष्ट नहीं की है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
ये है मामला
हिमांशु ने रविवार को पत्नी रश्मि के सिर पर मूसल से वार कर हत्या कर दी थी। मकान मालिक के पूछने पर वह टालमटोल करता रहा। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कमरे में रश्मि का लहूलुहान शव बरामद किया था। इसके बाद हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया गया।
रश्मि की फाइल फोटो।