खुद को कमांडो बताकर मांग रहा था रंगदारी, गिरफ्तार
लखनऊ। गोमतीनगर में शनिवार को खुद को कमांडो बताकर खिलौने वाली पिस्तौल के बल पर पटरी दुकानदारों से रंगदारी मांग रहे आरोपी चिनहट के लौलाई निवासी मजदूर मनीष सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पिस्तौल और नकली वॉकी टॉकी को कब्जे में ले लिया।
इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के मुताबिक मनीष शनिवार को दोपहर में हुसड़िया चौराहे पहुंचा और खुद को कमांडो बताते हुए पटरी दुकानदारों से रंगदारी मांगने लगा। विरोध पर हंगामा करने लगा। मामला शांत होने पर मनीष चाय की दुकान पर पहुंचा। कुछ सामान लेने के बाद जाने लगा तो दुकानदार ने पैसे के लिए टोक दिया। चिढ़कर आरोपी गाली-गलौज करने लगा। इस बीच एक दुकानदार ने कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि समझाने पर आरोपी मारपीट पर आमादा हो गया तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया।