लखनऊ। हुसैनगंज के उदयगंज में युवती और उसके माता-पिता पर हमले का आरोपी दूर का रिश्तेदार तौसीफ उर्फ मन्ना परिवार के काफी करीब था। उसका घर में रोज आना-जाना था और वह देर रात तक वहां मौजूद रहता था। पुलिस की अब तक की जांच में यह बात सामने आई है।
पुलिस अब पता लगा रही है कि आरोपी तेजाब कहां से लाया था और घटना वाली रात किस रास्ते से घर में दाखिल हुआ था। पुलिस पीड़ित परिवार और आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।
डीसीपी मध्य अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि मोहल्ले के लोगों और आरोपी से पूछताछ में उसके परिवार से करीबी संबंध होने की जानकारी मिली है। युवती के पिता के मुताबिक, आरोपी घर में घुसा और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह रोज की तरह रात में घर पर ही मौजूद था या किसी रास्ते से अंदर आया था। आरोपी पहले से एसिड और चाकू लेकर पहुंचा था। एसओ हुसैनगंज शिवमंगल सिंह ने बताया कि हमले में इस्तेमाल किया गया पदार्थ टॉयलेट क्लीनर है।
शादी में मुंबई जाने वाला था युवती का परिवार
एफआईआर दर्ज कराने वाले युवती के चाचा ने बताया कि उनके भाई के साले के बेटे की मुंबई में शादी है। युवती और उसके माता-पिता भी शादी में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे। परिवार ने ट्रेन के टिकट तक बुक करा लिए थे। घटना के बाद युवती की मां ने रोते हुए कहा कि आरोपी ने उनके परिवार की जिंदगी बर्बाद कर दी।
अंदर से बंद था घर का दरवाजा
वारदात के वक्त मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मदद के लिए पहुंचे लेकिन दरवाजा नहीं खुला। अंदर माैजूद लोग मदद के लिए शोर मचा रहे थे। युवती के छोटे भाई ने दरवाजा खोला जिसके बाद पड़ोसी घर में दाखिल हो सके।
शादी से इन्कार की मोहल्ले में चर्चा
घटना के बाद मोहल्ले में चर्चा है कि युवती के परिजन पहले आरोपी से बेटी की शादी कराने के लिए राजी थे लेकिन बाद में उन्होंने इन्कार कर दिया था। कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि युवती के पिता ने शादी के नाम पर आरोपी से रुपये लिए थे। हालांकि, इन चर्चाओं की न तो परिवार ने पुष्टि की है और न ही पुलिस ने। डीसीपी ने बताया कि आरोपी और पीड़ित परिवार के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल की जांच की जा रही है।
शहर में तेजाब हमले की प्रमुख घटनाएं
1 जुलाई 2017: अलीगंज में हॉस्टल के पास दुष्कर्म पीड़िता पर दोबारा एसिड हमला हुआ।
7 अगस्त 2019: काकोरी के रहमतनगर गांव में घर के बरामदे में सो रही महिला पर फेरीवाले ने एसिड फेंका। बचाने पहुंचे पति पर भी हमला किया।
11 जनवरी 2020: कैसरबाग की घसियारी मंडी में विवाद के दौरान एसिड गिरने से 14 वर्षीय किशोरी समेत तीन महिलाएं झुलसीं।
29 जनवरी 2023: गोमतीनगर के विरामखंड-3 में घर में घुसकर मां-बेटे पर एसिड हमला किया गया।
3 जुलाई 2024: चौक में लोहिया पार्क के पास बीबीए छात्रा पर एसिड हमला हुआ। उसका रिश्ते का भाई भी झुलस गया।
10 मई 2025: हजरतगंज में शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर महिला अधिवक्ता के चैंबर में घुसकर ज्वलनशील पदार्थ से हमला किया गया।
14 जुलाई 2026: चिनहट में एल्डिको तिराहे के पास मेधा सोलर फर्म के कार्यालय में घुसकर चार लोगों पर तेजाब फेंका गया।