लखनऊ। धर्म छिपाकर दोस्ती और फिर अश्लील वीडियो बनाकर युवतियों को ब्लैकमेल करने के आरोपी मो. कमरू जमाल की एक और करतूत सामने आई है। छानबीन में सामने आया है कि आरोपी ब्राउन गर्ल के नाम से कैफे संचालित करता था, जिसकी आड़ में स्पा सेंटर चलाया जाता था। पुलिस ने छापा मारा तो भीतर हुक्का बार भी चलता मिला। आरोपी के खिलाफ एक और केस दर्ज किया गया है।
गोमतीनगर थाने में अमेठी निवासी युवती ने बुधवार को आरोपी के खिलाफ धर्म छिपाकर दोस्ती कर अश्लील वीडियो बनाने की एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद दिल्ली निवासी एक और पीड़िता सामने आई। उसने बताया कि चार साल पहले वह 15 साल की थी। सोशल मीडिया के जरिये वह आरोपी के संपर्क में आई थी।
आरोपी ने नौकरी दिलाने का झांसा दिया और फिर उसे मेंस पार्लर में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर रख लिया। आरोप है कि कथित राहुल ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया और ब्लैकमेल कर गलत काम करवाए। आरोपी उसे बदनाम करने की धमकी देता था। आरोपी ने उसे कुछ दिन अयोध्या और फिर अजमेर में भी रखा था।
राहुल के गिरोह में उसका साथी हयात भी था। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर वह दिल्ली भाग निकली। आरोपी लगातार उसे धमकी दे रहा था।
इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक आरोपी और उसके साथियों को पकड़ने के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा।
कैफे से होटलों में भेजी जाती थीं लड़कियां
अमेठी निवासी पीड़िता का कहना है कि आरोपी कोड वर्ड में बात करते थे। आरोपी ने कई जिलों में अपना जाल फैला रखा था। गोमतीनगर में दयाल पैराडाइज के पास ब्राउन गर्ल कैफे में लड़कियों को बुलाया जाता था। रुपये एडवांस लेने के बाद यहीं से आरोपी लड़कियों को दलाल के माध्यम से अलग-अलग होटलों में भेजता था।
देर रात में पुलिस ने मारा था छापा
विकासखंड स्थित ब्राउन गर्ल कैफे में बुधवार देर रात करीब 11:27 बजे पुलिस ने छापा मारा था। पुलिस को कैफे में हुक्के के सात पाइप, एक हुक्का, 12 बड़े पाइप, 15 चिलम, एक डिब्बा खुला हुआ कोयला, एक चिमटा, दो हीटर, दो फिल्टर, 17 पैकेट फ्लेवर्ड तंबाकू व अन्य उत्पाद मिले। आरोपी संचालक के बारे में कुछ भी पता नहीं चल सका। ऐसे में पुलिस ने सारा सामान जब्त कर लिया। पुलिस को वहां कोई कर्मचारी नहीं मिला।