लखनऊ। वजीरगंज निवासी महिला ने पति पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर अपने दोस्तों से उसके साथ अनैतिक कार्य कराने का आरोप लगाया है। आरोपी पति दहेज के लिए उसे पीटता है। विरोध करने पर निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देता है। महिला ने वजीरगंज थाने में पति और उसके दोस्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
पीड़िता ने बताया कि 14 अक्तूबर 2022 को उनका निकाह हरदोई रोड पर अंधे की चौकी के पास रहने वाले व्यापारी से हुआ था। आरोप है कि निकाह के कुछ ही दिन बाद पति उन पर दहेज के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध पर आए दिन शराब के नशे में उन्हें पीटता और भूखा रखता था। एक दिन पति घर पहुंचा और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें पिला दिया। बेहोश होने पर आरोपी पति के दोस्तों ने उनसे अनैतिक कार्य किया। उनकी अश्लील वीडियो और फोटो भी खींच ली। होश में आने पर पीड़िता ने विरोध किया तो पति ने उन्हें बुरी से पीटा। तंग आकर वह मायके चली गईं तो आरोपी ने मकान बेच दिया। जब उन्होंने पति से विरोध किया तो उसने उनकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है। साक्ष्य संकलन होने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।