लखनऊ। पुलिस पर दबाव बनाने के लिए औरैया के दिबियापुर निवासी निजी कंपनी के कर्मचारी शैलेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को लामार्ट चौराहे पर खुद को आग लगाने की कोशिश की थी। गौतमपल्ली थाने के दरोगा ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
दरोगा बलराम सिंह के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे वह आत्मदाह सुरक्षा जोन चार में तैनात थे। तभी शैलेंद्र बाइक से लामार्ट चौराहे पर पहुंचा और खुद पर पेट्रोल छिड़कना शुरू कर दिया। यह देख पुलिस ने उसे रोक लिया।
पूछताछ में पता चला था कि शैलेंद्र कानपुर देहात में अकबरपुर के सालावतपुर स्थित ननिहाल में रहता है। नानी रामप्यारी और नाना वंशलाल ने अपनी जमीन उसकी मां माया देवी के नाम कर दी थी। उस जमीन पर पड़ोसी पिता-पुत्र ने कब्जा कर लिया। कोई सुनवाई न होने पर वह मुख्यमंत्री आवास शिकायती पत्र देने आया था। यहां पुलिस पर दबाव बनाने के लिए उसने आत्महत्या की कोशिश की थी। बलराम का आरोप है कि शैलेंद्र के कारण संवेदनशील स्थान की सुरक्षा खतरे में आ गई और लोक शांति व्यवस्था भंग होने की प्रबल संभावना बन गई थी।
पहले भी दर्ज हो चुकी रिपोर्ट
इंस्पेक्टर रत्नेश कुमार सिंह ने बताया कि शैलेंद्र ने बीते वर्ष भी गौतमपल्ली में फंदा लगाने की कोशिश की थी। पुलिस ने उसे रोक लिया था। इस मामले में भी उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस पता लगा रही है कि उसे कौन उकसा रहा है?