हज यात्रा-2018 पर जाने वाले हज यात्रियों को आधार नंबर बताना होगा। हज आवेदन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था पहली बार लागू की जाएगी।
हज कमेटी ऑफ इंडिया मुंबई इस प्रस्ताव को जल्द ही हज कार्यक्रम के साथ राज्य हज कमेटियों को भेजेगी। इस बार हज आवेदन प्रक्रिया नवंबर से जनवरी के बीच पूरी कराने की योजना बनाई गई है। अभी तक यह काम जनवरी से शुरू होता रहा है।
मुंबई में राज्य हज कमेटी के अध्यक्षों के साथ हाल ही में हुई बैठक में यह सुझाव आया कि इस बार हज आवेदन फॉर्म आधार से लिंक किए जाएं ताकि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही जनवरी में शुरू होने वाली आवेदन प्रक्रिया को नवंबर में ही शुरू करने की बात राज्य हज कमेटियों को बताई गई।
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने इन बदलावों को शामिल करते हुए बनाए गए प्रस्ताव को हरी झंडी देते हुए दिल्ली में बृहस्पतिवार को केंद्रीय हज मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से मुलाकात की। हज कमेटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन सांसद महबूब अली कैसर की अगुवाई में प्रतिनिधियों ने बैठक में बनी सभी सहमतियों से हज मंत्री को अवगत कराया।
माना जा रहा है कि हज मंत्री ने आधार को हज आवेदन फॉर्म से लिंक करने और आवेदन प्रक्रिया नवंबर से शुरू करने पर संस्तुति दे दी है। हज कमेटी के सूत्रों के अनुसार, इसे जल्द ही राज्य हज कमेटियों को लागू करने का निर्देश दिया जाएगा।