शादी पर कहीं खुशी कहीं गम
प्रदेश के एक बड़े महकमे से जुड़ी शादी आजकल काफी चर्चा में है। चर्चा में भी क्यों न हो, वह है भी तो एक खास की। हालांकि इसे लेकर एक तरफ जहां महकमे में जश्न का माहौल है तो युवाओं का एक तबका इस पर अपनी नाराजगी भी जता रहे हैं। आए दिन सड़क पर उतर रहे ये युवा कह रहे हैं कि आपकी तो शादी हो जाएगी लेकिन हमारी शादी का भी ध्यान रखिए। अगर विभाग हमारे मामले पर निर्णय नहीं लेगा तो हमारी शादी का क्या होगा? अब इसे लेकर विभाग में शादी को लेकर और चर्चा बढ़ गई है।
नेताजी की अपने प्रदेश से मोहब्बत
उच्च सदन में जाने वाले प्रदेश के नेता को अपने प्रदेश से बेहद प्यार है। दिवाली पर उनसे मिलने कुछ जिला स्तर के अधिकारी आए। उन अधिकारियों ने नेताजी को दिवाली का भेंट दिया। पिछली बार की अपेक्षा इस बार का गिफ्ट हल्का था। ऐसे में नेताजी मुस्कुराए, लेकिन उनके हर काम का हिसाब रखने वाले कार्मिक ने उन अधिकारियों को अकेले में बुलाकर फटकार लगाई। यह भी समझाया कि नेताजी प्रदेश छोड़कर जाने वाले नहीं है। इसलिए गलतफहमी में न रहना और आगे से ध्यान रखना।
बख्शीश का डर
त्योहारी सीजन में बख्शीश सामान्य बात है लेकिन सरकारी दफ्तरों में बख्शीश के डर से बाहरी लोगों ने हफ्ते भर से किनारा कर लिया। हाल ये है कि सचिवालय हो या एनेक्सी, बापू भवन हो या लोकभवन...कोई भी नया चेहरा किसी विभाग में दिख गया तो सेवकों में उनकी सेवा का ऐसा जज्बा उमड़ पड़ता है कि 400 मीटर दूर खड़ी गाड़ी तक सीऑफ करने चले आ रहे हैं। उसमें भी नीले नोट की कोई पूछ नहीं है। हरे से नीचे बात नहीं हो रही।