सुहाग की मंगलकामना और सुख समृद्धि के लिए महिलाओं ने बृहस्पतिवार को भाद्रपद शुक्ल पक्ष तृतीया हरितालिका तीज का व्रत रखा।
दिन भर व्रती महिलाओं ने संध्या काल, मध्यरात्रि को पूजन कर शिव-गौरा से अखंड सौभाग्य की मंगलकामना की।
घरों में पूजन के साथ शहर के तमाम शिव गौरा मंदिरों में भीं श्रंृगार- पूजन हुए। महिलाएं शुक्रवार सुबह पूजन कर व्रत का पारण करेंगी।
दिन भर व्रत रखने के बाद महिलाओं ने नदी की चिकनी मिट्टी से शिव परिवार बनाकर उसकी पूजा की।
उन्हें दूध, दही, घी, मधु, शर्करा और सफेद मिष्ठान्न व विभिन्न प्रकार के आभूषण और नव वस्त्र चढ़ाए। कथा श्रवण के बाद संध्या, मध्यरात्रि में विधि विधान से पूजन और रात्रि जागरण किया।
ग्रामीण इलाकों में मंदिरों में मेले सा माहौल दिखा, जबकि घरों में महिलाओं ने एकजुट पूजन किया।
जीवित सांपों से हुआ बाबा का श्रंगार सजी झांकियां कजरी तीज पर बृहस्पतिवार को राजा बाजार स्थित श्री मंगलेश्वर महादेव मंदिर में बाबा का जीवित सर्पों और फूलों से भव्य श्रंगार हुआ।
यहां शिव परिवार समेत आधा दर्जन से अधिक झांकियां भी सजी। भक्तों ने भजन कीर्तन कर शिव गौरा का गुणगान किया।
मशकगंज के नागेश्वर मंदिर में भी भव्य झांकी सजाई गई। चौक कटारी टोला के विश्वनाथ मंदिर में हरितालिक तीज पर इस बार जीवित सर्पों की झांकी के साथ अन्य झांकियां भी सजेगी।
अहिले को तीज मा बाबा लिना आयनन..
भारतीय गोरखा सेवा समाज की ओर से गांधी भवन में बृहस्पतिवार को धूमधाम से शिव-गौरा का पूजन किया गया। इस मौके पर समाज के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां भी दी।
पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने टप टप टिपेर लाउला सिरैमा..., हरियो चुरा मेरो हाथ भरी..., हरियो साड़ी..., अहिले को तीज मा बाबा लिना आयनन..., तीज को रहर आयो बरिलै..., समेत कई नेपाली भाषा के गीतों पर प्रस्तुतिया से रंग जमाया।
इससे पहले समाज के पदाधिकारियों के साथ सैकड़ों लोगों ने पुरोहित पं. जीवनारायण शास्त्री के साथ शिव गौरा की पूजा की। इस मौके पर सीबी थापा, एलबीएस थापा समेत सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे।