लखनऊ। बाघ एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में यात्रा कर रही एक युवती से उसी बोगी के मऊ निवासी युवक नूर जफर ने आधी रात को छेड़खानी की। युवती ने पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत की जिसके बाद ट्रेन के चारबाग पहुंचने पर नूर जफर को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया।
गाड़ी संख्या 13019 बाघ एक्सप्रेस हावड़ा जंक्शन से काठगोदाम के लिए चलती है। ट्रेन की स्लीपर बोगी में उत्तराखंड के पंतनगर की रहने वाली एक युवती सफर कर रही थी। रात को बिंदौरा से बुढ़वल स्टेशन के बीच कोच के ज्यादातर यात्री सो रहे थे। इसी बीच मौका पाकर बोगी में ही सफर कर रहा एक यात्री उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। युवती ने विरोध किया। कहासुनी हुई तो कोच के अन्य यात्री जाग गए और युवती की मदद की। युवती ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर मामले की सूचना दी। मामला जीआरपी चारबाग को भेजा गया। ट्रेन जब शुक्रवार रात चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंची तो जीआरपी ने नूर जफर को गिरफ्तार कर लिया। सीओ संजीव सिन्हा ने बताया कि युवती की तहरीर पर जीआरपी ने पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर नूर जफर को जेल भेज दिया है।