बख्शी का तालाब। बीकेटी में मंगलवार शाम भिक्षावृत्ति कर रहे बच्चों ने कार में हानिकारक पदार्थ फेंक दिया। इससे कार सवार लोगों की तबीयत बिगड़ गई और वे बाहर आ गए। तभी बच्चों ने कार में रखा बैग बार कर दिया। पुलिस ने तीन बच्चों को पकड़ लिया।
विभूतिखंड निवासी जोहरा खान मंगलवार को बेटी शायसा का 12वां जन्मदिन मनाने परिवार के तीन लोगों के साथ इटौंजा स्थित निलांश वॉटर पार्क गई थीं। शाम पांच बजे सभी कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में बीकेटी स्थित श्याम पूडी भंडार के सामने जैसे ही कार रुकी तभी भिक्षावृत्ति कर रहे बच्चों ने कार को घेर लिया। उनमें से एक बच्चे ने कार से ऑयल टपकने की बात कही। इस पर कार सवार एक सदस्य ने जब उतरकर देखा तो उन्हें सब सामान्य मिला। इस बीच किसी बच्चे ने कार में कुछ केमिकल फेंक दिया, जिससे कार में सवार अन्य चार लोगों की आंखें जलने लगीं, घुटन और उल्टी होने लगी। सभी तुरंत कार से निकले तभी बच्चों ने उसमें रखा बैग पार कर दिया। पर्स में एटीएम, क्रेडिट और डेबिट कार्ड,आधार कार्ड, डेढ़ लाख का मोबाइल व दस हजार नकदी चुरा ली। जोहरा को इसकी जानकारी हुई और भिक्षावृत्ति कर रहे बच्चों से पूछताछ करने की कोशिश की तो सभी भागने लगे। हालांकि, जोहरा और उनके घरवालों ने तीन बच्चों को पकड़ कर बीकेटी पुलिस के हवाले कर दिया।
खंगाले जा रहे फुटेज
इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह के मुताबिक मामले की जांच एसआई रणवीर सिंह कर रहे हैं। बच्चों से पूछताछ हो रही है। श्याम पूडी भंडार के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे है।