लखनऊ। उत्तराखंड की जीवन शैली के प्रतीक, कृषि से जुड़े लोक पर्व हरेला का उत्साह पर्वतीय समाज के लोगों में देखते ही बनता है। शुक्रवार को पर्वतीय महापरिषद व उत्तराखंड महापरिषद के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ-साथ राजधानी में रहने वाले समाज के लोगों ने हरेला पर्व पूरे विधि-विधान व उमंग के साथ मनाया।
उत्तराखंड महापरिषद की ओर से विविध आयोजन
उत्तराखंड महापरिषद के शिष्ट मंडल दल ने अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत के नेतृत्व में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर उत्तराखंड महोत्सव 2021 की जानकारी देने और हरेला पर्व की बधाई देने की बात कही। इस मौके पर घरों में पूजन के अलावा परिषद के पदाधिकारियों व समितियों के संयुक्त तत्वावधान में पौधरोपण भी हुआ। स्वदेशी महिला स्वयं सहायता समूह कल्याणपुर की महिलाओं ने हेमा बिष्ट के निर्देशन में हरेला गीत प्रस्तुत किया।
लोक पर्व को जन-जन से जोड़ेगी पर्वतीय महापरिषद
पर्वतीय महापरिषद के महासचिव महेंद्र सिंह रावत ने कहा कि परिषद इस पर्व को जन-जन से जोड़ेगी। इस मौके पर 17 जुलाई को शाम 6 से 7 बजे तक महापरिषद भवन में प्रतियोगिता होगी, जिसमें अलग टोकरी में हरेला उगाकर लाना होगा। सर्वश्रेष्ठ तीन हरेला टोकरियों को शिव पार्वती सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इन हरेला टोकरियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई के तौर पर पहुंचाया जाएगा।
घर-घर में पूजन, खुशियों को लगे पंख
प्रियंका जोशी अपने परिवार के साथ हरेला मना रही थीं। इस बार का पर्व उन्होंने अपने घर आए नन्हे मेहमान के लिए आर्शीवाद समारोह के रूप में मनाया।
सब खुशहाल रहें, बस यही आस
माया जोशी कहती हैं कि जिस दौर से हम सब गुजरे हैं अब वैसा बुरा वक्त कभी नहीं आए बस इस पर्व पर यही कामना है।
सब स्वस्थ व निरोगी रहें
मयूर विहार कॉलोनी निवासी दीप्ति जोशी कहती हैं कि परंपरा अनुसार पुए बनाए, पूजा की। इस बार हमने रोग मुक्ति की प्रार्थना की है, ताकि हर जगह खुशहाली हो, सब स्वस्थ व और निरोग रहें।