परिवहन विभाग परिवहन मंत्री के निर्देश के बाद भी डग्गामार वाहनों के संचालन पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहा है।
पुलिस संरक्षण एवं सांठगांठ के चलते गैर जनपद परमिट वाले वाहन धड़ल्ले से सवारी ढोने में जुटे हैं।
मुख्य सचिव के आदेश पर मंगलवार को चले अभियान के दौरान हरदोई परमिट धारक एक टाटा मैजिक लखनऊ में बाराबंकी की सवारी ढोते हुए धरा गया।
चेकिंग दस्ते ने इस टाटा मैजिक को चिनहट कोतवाली में सीज करा दिया है। जबकि पूरे अभियान में तीन मिनी बस सहित छह डग्गामार वाहन सीज हुए।
परिवहन निगम के चारबाग डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी एवं प्रशासनिक अधिकारियों का मंगलवार को संयुक्त चेकिंग अभियान फैजाबाद रोड से चिनहट के मटियारी तक चला।
त्रिपाठी ने बताया कि इस दौरान तीन मिनी बस यूपी 45 टी 2048, यूपी 45 टी 3485 एवं यूपी 44 टी 4957 को लखनऊ से टांडा एवं अंबेडकरनगर की सवारियों को ढोेते हुए पकड़ा गया। इस सवारियों ने खूब हंगामा किया।
पुलिस ने सवारियों को उतारकर इन मिनी बस को चिनहट कोतवाली में सीज करा दिया है। यह तीनों मिनी बसें अंबेडकरनगर एवं फैजाबाद के ट्रांसपोर्टरों की हैं जो सांठगांठ के चलते सवारी ढो रहे थे।
उन्होंने बताया कि मटियारी चौराहे पर एक टाटा मैजिक (यूपी 30 टी 6947) को पकड़ा ,जिसकी जांच में हरदोई का परमिट पाया गया। लेकिन यह टाटा मैजिक मटियारी से बाराबंकी के बीच महीनों से सवारी ढोने का कार्य कर रही थी।
इसी प्रकार बहराइच के एक मैक्स को शादी पार्टी को ले जाते हुए पकड़ा गया, जिसके ड्राइवर के पास परमिट नहीं था। वहीं टैंपो जो डीजल चालित होने के बाद भी सहारा स्टेट से पालीटेक्निक रूट पर चलती पाई गई। इन सभी वाहनों को भी सीज कर दिया गया।