बीते दिनों दुनिया के अलग-अलग देशों में तीन बड़ी विमान दुर्घटनाओं के बाद यूपी के सीतापुर जिले में भी एक विमान दुर्घटना हो गई है।
यूपी की राजधानी लखनऊ से करीब 90 किलोमीटर दूर सीतापुर जिले के अटरिया में वायु सेना का एक हैलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
मिल रही जानकारी के मुताबिक, एडवांस लैंडिंग एयरक्राफ्ट 307 के पायलट और को पायलट की मौत निश्चित मानी जा रही है।
पांच अन्य की भी मौत!
मिल रही सूचनाओं को सही मानें तो हैलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान वह जमीन से टकरा गया और उसमें तेज धमाका हुआ और आग लग गई, जिसमें दोनों की मौत हो गई।
इसमें पांच अन्य लोगों के मारे जाने की भी खबर है।
बरेली से जा रहा था इलाहाबाद
हालांकि, पंडितपुरवा नाम के गांव के एक खेत में गिरने से हैलीकॉप्टर में हुए धमाके से बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। गांव में गिरने से हादसे में ज्यादा लोग भी मारे जा सकते थे।
ताजा जानकारी के मुताबिक, वायु सेना के इस हैलीकॉप्टर ने बरेली बेस से उड़ान भरी थी। एडवांस लैंडिंग 307 विमान इलाहाबाद जा रहा था। जिले के एसडीएम, पुलिस अधिकारी व दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं और बचाव कार्य जारी है।