राजधानी के एयरपोर्ट से हज पर जाने वाले ग्रीन कैटेगरी के हज यात्रियों को इस बार 4400 रुपये व अजीजिया कैटेगरी के लिए 3250 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। लखनऊ एयरपोर्ट से हज जाने वाले ग्रीन श्रेणी के यात्रियों को कुल दो लाख 18 हजार 400 और अजीजिया श्रेणी के यात्रियों को कुल एक लाख 84 हजार 500 रुपये देने होंगे।
पिछले वर्ष ग्रीन श्रेणी के यात्रियों से दो लाख 14 हजार रुपये और अजीजिया श्रेणी के हज यात्रियों से एक लाख 81 हजार 250 रुपये लिए गए थे। इस बार हज खर्च का सबसे अधिक बोझ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दिल्ली एयरपोर्ट से जाने वाले यात्रियों पर पड़ा है।
यहां ग्रीन श्रेणी के हज यात्रियों को इस वर्ष दो लाख 21 हजार 50 रुपये और अजीजिया श्रेणी के यात्रियों को एक लाख 87 हजार 150 रुपये देने होंगे। जबकि, पिछले वर्ष ग्रीन श्रेणी के हज यात्रियों से दो लाख 15 हजार 600 रुपये और अजीजिया श्रेणी के हज यात्रियों एक लाख 82 हजार 850 रुपये लिए गए थे।
यह ग्रीन श्रेणी में 5450 रुपये और अजीजिया श्रेणी में 4300 रुपये अधिक है। इसी तरह, वाराणसी एयरपोर्ट से जाने वाले ग्रीन श्रेणी के यात्रियों से इस वर्ष दो लाख 18 हजार 250 रुपये व अजीजिया श्रेणी के हज यात्रियों से एक लाख 84 हजार 350 रुपये लिए जाएंगे।
पिछले वर्ष वाराणसी से गए ग्रीन श्रेणी के हज यात्रियों से दो लाख 13 हजार 800 रुपये व अजीजिया श्रेणी के यात्रियों से एक लाख 80 हजार 50 रुपये लिए गए थे। यह ग्रीन श्रेणी में 4450 रुपये व अजीजिया श्रेणी में 3300 रुपये अधिक है। दो साल या उससे कम उम्र के जो बच्चे अपने माता-पिता के साथ लखनऊ एयरपोर्ट से जाएंगे, उनको 12 हजार 950 रुपये चुकाने होंगे।
पिछले वर्ष लखनऊ एयरपोर्ट से जाने वालों से 13 हजार 100 रुपये लिए गए थे। दिल्ली एयरपोर्ट से जाने वाले बच्चों का किराया आठ हजार 900 रुपये लगेगा। गत वर्ष दिल्ली एयरपोर्ट से जाने वाले पश्चिमी यूपी के बच्चों का 13 हजार 150 रुपये किराया लिया गया था। वहीं, वाराणसी एयरपोर्ट से जाने वाले बच्चों का इस बार 14 हजार 350 रुपये किराया तय हुआ है। गत वर्ष वाराणसी से बच्चों का किराया 13 हजार 200 रुपये था।