हज पर जाने के इच्छुक लोग सोमवार से आवेदन फॉर्म भर सकेंगे। राज्य हज कमेटी ने फॉर्म वितरण के लिए अपने कार्यालय में अतिरिक्त काउंटर बनाए हैं। इसे जमा करने की अंतिम तिथि 24 जनवरी है। आवेदक ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे।
कमेटी ने आवेदन फॉर्म बांटने के लिए नौ काउंटर बनाकर एक-एक कर्मचारी को तैनात किया है। सुबह 10 से शाम 5 बजे तक फॉर्म लिए जा सकेंगे। काउंटर पर तैनात कर्मचारी इसे भरवाने में मदद भी करेंगे। राज्य कमेटी ने जरूरत के मुताबिक करीब 10 हजार से ज्यादा फॉर्म प्रदेश केसभी जिलों में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय पर उपलब्ध करा दिए हैं। आवेदक वहां से इसे ले सकते हैं। विधानसभा मार्ग स्थित राज्य हज कमेटी कार्यालय पर आने वाले आवेदकों के लिए पानी और नमाज अदा करने का इंतजाम किया गया है।
इस वेबसाइट पर करें ऑनलाइन आवेदन
ऑनलाइन आवेदन के लिए वेबसाइट hajcommittee.gov.ln पर लॉगऑन कर अपना विवरण भरना होगा। इसके बाद सत्यापन के लिए आवेदक को अपने पासपोर्ट, बैंक अकाउंट, एड्रेस प्रूफ और फॉर्म की हार्ड कॉपी 24 जनवरी से पहले भेजनी होगी। इसके बिना ऑनलाइन जमा फॉर्म अधूरा माना जाएगा।
जल्द बनवा लें पासपोर्ट
हज कमेटी के कार्यपालक अधिकारी तनवीर अहमद ने बताया कि हज यात्रा के लिए 24 जनवरी 2017 के बाद जारी पासपोर्ट स्वीकार्य नहीं होंगे। पासपोर्ट की वैधता 28 फरवरी 2018 तक होनी जरूरी है। हस्तलिखित पासपोर्ट स्वीकार्य नहीं होंगे। उन्होंने अपने पासपोर्ट नियम के मुताबिक जल्द से जल्द बनवा लेने की अपील की है।