लखनऊ। गोमतीनगर के विनयखंड-2 में रहने वाले शिवेंद्र प्रताप सिंह (26) का शव मंगलवार सुबह हजरतगंज स्थित भैंसाकुंड के पास गोमती नदी में उतराता मिला। उनके पिता दिनेश प्रताप सिंह ने बेटे की हत्या का आरोप लगाया है।
मूलरूप से रायबरेली के भदोखर सिमरा गांव निवासी सिक्योरिटी गार्ड दिनेश प्रताप सिंह परिवार के साथ विनयखंड में किराये पर रहते हैं। उनके अनुसार शिवेंद्र बीबीडी इलाके में जिम में ट्रेनर था। रविवार को उसकी छुट्टी थी और वह घर पर ही था। रात करीब नौ बजे शिवेंद्र घर से किसी को कुछ बताए बिना ही पैदल ही निकला था। देर रात होने पर मां ने फोन किया पर वह बंद मिला। मंगलवार सुबह लोगों ने शिवेंद्र का शव भैंसाकुंड के पास नदी में उतराता देखा। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शिवेंद्र के मोबाइल फोन के सिमकार्ड से पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। इंस्पेक्टर हजरतगंज ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है।
पिता का आरोप- फोन कर बुलाकर मारा और नदी में फेंक दिया
दिनेश प्रताप सिंह ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि शिवेंद्र को फोन करके बुलाया गया और फिर मारकर नदी में फेंक दिया गया। उन्होंने बताया कि पहले उनकी पत्नी ने फोन किया तो घंटी जा रही थी, लेकिन रात एक बजे बेटे का मोबाइल फोन बंद हो गया। उन्होंने बेटे के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगालने की मांग की है। शिवेंद्र के परिवार में मां रेखा और एक बड़ा भाई है।