राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष के साथ उनके ही गनर ने शराब पीकर ड्यूटी करने के दौरान बदसुलूकी की। फटकार लगाने पर धमकाने लगा। इस मामले में उपाध्यक्ष ने जिलाधिकारी व एसएसपी से शिकायत की। जिस पर नगर मजिस्ट्रेट व सीओ ने जांच की।
पड़ताल में मामला सही पाए जाने पर गनर को निलंबित कर दिया गया। वहीं विभूतिखंड थाने में रविवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया। देर रात को आरोपी गनर अजीत सिंह को गिरफ्तार लिया गया है।
राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष का कार्यक्रम बुलंदशहर में लगा था। वहां पर वह डाक बंगला में रुकी थीं। जहां वो सुनवाई कर रही थीं। इसी दौरान उनका गनर अजीत सिंह वहां शराब पीकर पहुंच गया।
उनके चालक शिवम से उसका किसी बात पर विवाद हो गया। शिवम को वह धमकाने लगा। सुनवाई के बाद चालक शिवम ने पूरी बात उपाध्यक्ष को बताई। इस पर उपाध्यक्ष ने गनर अजीत को बुलवाया। उससे बातचीत की।
उससे सवाल जवाब कर ही रही थीं कि अजीत भड़क गया। उसने उपाध्यक्ष के साथ अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करने लगा। जिस पर उन्होंने नाराज होकर फटकार लगाई। अजीत को यह बात नागवार गुजरी। उसने आयोग उपाध्यक्ष को धमकी तक दे डाली।
सिटी मजिस्ट्रेट व क्षेत्राधिकारी ने की जांच
महिला आयोग उपाध्यक्ष ने इस मामले की शिकायत तत्काल बुलंदशहर के जिलाधिकारी और एसएसपी से की। दोनों अधिकारियों ने दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित की। जिसमें सिटी मजिस्ट्रेट विवेक मिश्रा व क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र मिश्रा को शामिल किया। दोनों अधिकारियों ने आरोपी गनर अजीत सिंह और चालक शिवम से अलग-अलग पूछताछ की।
अजीत सिंह ने ड्यूटी के दौरान शराब पीने की बात अधिकारियों के सामने कुबूल की। इसके बाद दोनों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। जिसमें अजीत सिंह के शराब पीने की पुष्टि हुई। शिवम की जांच में शराब पीने की बात सामने नहीं आई। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट बुलंदशहर के जिलाधिकारी व एसएसपी को सुपुर्द की।
रिपोर्ट के आधार पर हुआ निलंबित
जांच रिपोर्ट बुलंदशहर के जिलाधिकारी ने एसएसपी लखनऊ कलानिधि नैथानी को भेजी। साथ ही दौरे के बीच में ही गनर अजीत सिंह को वहां से रिलीव कर दिया गया। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी लखनऊ कलानिधि नैथानी ने पुलिस लाइन में तैनात गनर अजीत सिंह को तत्काल निलंबित कर दिया।
उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देश दिया। एसआई दशरथ मौर्या के मुताबिक रविवार को विभूतिखंड थाने में अजीत सिंह के खिलाफ गाली गलौज व धमकाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। देर शाम को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।