लखनऊ। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित अमर उजाला के मेधावी छात्र सम्मेलन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मेधावियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों व अतिथियों का जमकर मनोरंजन किया। उन्हें हंसाया, गुदगुदाया और तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। गायन, नृत्य और हास्य से सजी प्रस्तुतियों के जरिये कलाकारों ने वाहवाही लूटी।
शुरुआत नृत्यांगना रागिनी श्रीवास्तव के ग्रुप की पर्णिका श्रीवास्तव और जया सिंह ने गणेश वंदना और शिव तांडव से की। कठपुतली कलाकार प्रदीप नाथ त्रिपाठी और उनके ग्रुप ने गुलाबो-सिताबो की प्रस्तुति से मेधावियों को खूब हंसाया। दृष्टिबाधित गायक कलाकार वाणी चावला ने कर हर मैदान फतह... से श्रोताओं में जोश भर दिया। इसके बाद कानपुर से आए हास्य कलाकार अर्पित सैनी ने नरेंद्र मोदी से लेकर अमिताभ बच्चन, नाना पाटेकर समेत कई बॉलीवुड सितारों की मिमिक्री कर वाहवाही लूटी।
शहर के ही गायक कलाकार राहुल पांडेय ने मैं कोई ऐसा गीत गाऊं... गाकर समा बांधा। भातखंडे संस्कृति विवि की पूर्व छात्रा अनुपमा श्रीवास्तव के ग्रुप की छात्रा नविषा मित्तल, शास्तिका भटनागर, राधिका मित्तल, वागमी, त्वरती और रिदम सरकार ने गणेश वंदना को नृत्य में पिरोकर प्रस्तुति दी। इसके अलावा उनके दूसरे ग्रुप की कलाकार मेधा, श्रीजा अग्रवाल, अमाया श्रीवास्तव, मिशिका, प्रशस्ति श्रीवास्तव और अविका श्रीवास्तव ने गीत कान्हा सो जा जरा... पर भावपूर्ण प्रस्तुति देकर सबका दिल जीत लिया। हास्य कवि सौरभ जायसवाल ने अपनी रचनाओं से सभी को खूब हंसाया। वरिष्ठ कलाकार राजेंद्र विश्वकर्मा ने स्टेशनों से गुजरती ट्रेन की आवाज निकालकर लोगों को चकित कर दिया। सलीम खान ने भी अपने गीतों की प्रस्तुति दी।