भड़काऊ कपड़े पहनकर इमामबाड़ा में प्रवेश करने से रोकने पर मचे हंगामे पर लखनऊ के डीएम कौशल राज शर्मा ने कहा कि इमामबाड़ा देखने आने वाले पर्यटकों के लिए कोई ड्रेस कोड निर्धारित नहीं किया गया है, बल्कि ये कहा गया है कि इमामबाड़ा एक धार्मिक व ऐतिहासिक पर्यटन स्थल है। इसलिए ऐसे कपड़े पहनें जो हमारी संस्कृति व परंपरा के अनुरूप हों।
उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि वह शालीन कपड़े पहनकर ही यहां आएं। इस संबंध में गाइडलाइंस जारी की जाएंगी।
आपको बता दें कि डीएम के आदेश के बाद रविवार को बड़ा व छोटा इमामबाड़ा में आए पर्यटकों को गेट पर ही गाइडों व कर्मचारियों ने इमामबाड़ा में दुपट्टा व स्टॉल बांटे और उन्हें सिर ढक कर अंदर जाने को कहा गया।
ट्रस्ट की बैठक में शनिवार को डीएम ने हुसैनाबाद ट्रस्ट के अधीन ऐतिहासिक स्मारकों में पर्यटकों को भड़काऊ परिधान पर प्रतिबंध के साथ फोटो कैमरों के प्रवेश व फोटो शूट पर रोक लगाई थी।