मऊ सदर की बात करें तो बेरोजगारी और शिक्षा अहम मुद्दे तो हैं, लेकिन पांच बार से लगातार चुनाव जीत रहे बाहुबली मुख्तार अंसारी के गढ़ में चुनाव के दौरान मुद्दे गौण हो जाते हैं। बनौरा गांव निवासी सच्चिदानंद चौहान ने कहा कि युवा वर्ग उसे चुनेगा जो शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करे। रोजगार मुहैया कराए। भुजौटी निवासी इंद्रजीत कहते हैं, तमसा नदी से सटे कई गांव और मोहल्ले हैं। जलस्तर बढ़ने पर बाढ़ की समस्या से निजात दिलाए जाने की जरूरत है। रैनी निवासी बृजेश यादव ने बीज और खाद को लेकर सरकार को घेरा। पिछड़ा वर्ग बहुल सीट घोसी में महंगाई, विकास के साथ ही कछार क्षेत्र में छोटी सरयू से प्रतिवर्ष होने वाला नुकसान प्रमुख मुद्दा है। बड़ागांव भरौटी निवासी गृहिणी सीमा भारती कहती हैं, महंगाई बड़ा मुद्दा है। रोजगार, स्वास्थ्य सुविधा और शिक्षा की उचित व्यवस्था हो। बैसवाड़ा निवासी साजिद इकबाल ने कहा कि जो सरकार युवाओं और आम जनता के हित में कार्य करेगी उसी को वोट देंगे।
मोहम्मदाबाद गोहना, मधुबन : विधायक से नाराजगी और दारा सिंह चौहान के पाला बदलने पर मुखर लोग
मोहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र में ज्यादातर जगहों पर विधायक से नाराजगी के स्वर सुनाई देते हैं। शहीद चौराहे पर मिले सुरहुर निवासी सच्चिदानंद पाठक और हरिश्चंद्र तिवारी कहते हैं, गरीबों के लिए सरकार ने कई योजनाएं चलाईं। अपराधी जेल में कराह रहे हैं। आदर्शनगर निवासी साहित्यकार डॉ. मधुर नजमी ने कहा कि सरकार ठीक-ठाक है, लेकिन साहित्यकारों के लिए कोई काम नहीं किया है। राजेश गुप्ता, मनोज कुमार कहते हैं, पांच साल से सड़कें बदहाल हैं। वलीदपुर में बने पुल का अप्रोच अधूरा है। फायर स्टेशन अधूरा है। बुनकर बहुल क्षेत्र में जर्जर तार और खंभे भी बड़ी समस्या हैं। मधुबन से भाजपा से जीते मंत्री दारा सिंह चौहान अब सपा में चले गए हंै। इसका इस सीट के समीकरणों पर असर तो दिखेगा ही। हालांकि, भाजपा को होने वाले नुकसान पर लोग बंटे हुए हैं। नुरुलाहपुर निवासी अमरजीत चौहान चुनावी चर्चा छिड़ते ही कहते हैं, देवारा में बाढ़ आने से सड़कें टूट जाती हैं, कोई सुध नहीं लेता। परसिया के सत्य प्रकाश यादव ने कहा कि मधुबन-घोसी मार्ग अहिरौली से सिपाह तक छह साल से बदतर हालत में है। दुबारी निवासी शिव शंकर उपाध्याय कहते हैं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जाने के लिए रास्ता नहीं है।
स्टेशन मोड़ पर मिले सुदामा प्रसाद स्थानीय विधायक के काम से नाखुश दिखे, लेकिन मोदी-योगी के लिए वोट देने की बात कही। कहते हैं कि कम से कम गुंडे-माफिया का खौफ तो नहीं है। दिलदारनगर कस्बे के बाहर एक दुकान पर बैठे मनोज यादव, सुनील और अशफाक खां कहते हैं, महंगाई बेहिसाब है। रोजगार नहीं मिल रहा। जो इन मुद्दों की बात करेगा उसे ही वोट देंगे। फौजियों के गांव गहमर में हरेराम सिंह कहते हैं कि इसी गांव की होने के बाद भी विधायक ने कुछ नहीं किया। डॉ. राणा प्रताप की राय अलग है। कहते हैं कि विधायक ने काम किया है। बिहार बॉर्डर पर यूपी के अंतिम गांव बारा, मगरखांई के विवेक सिंह, सैयद जावेद, अबसार आलम, मंजूर खान ने कहा कि विकास करने की जगह जाति-धर्म में जनता को उलझाया गया। मुहम्मदाबाद विस क्षेत्र के रेवतीपुर में बस स्टैंड पर मिले नागेंद्र सिंह कहते हैं, सरकार का काम तो ठीक है, लेकिन व्यापारी परेशान हैं। कोविड ने हर धंधे को चौपट कर दिया। नितेश सिंह, संतोष कुमार और ओमप्रकाश यादव का कहना था कि डीजल महंगा होने से सिंचाई महंगी हुई है। खेती के समय बिजली नहीं मिल रही। खाद के लिए भटकना पड़ता है।
गाजीपुर शहर, सैदपुर, जंगीपुर : भाजपा-सपा की ही ज्यादातर चर्चा
गाजीपुर सिटी स्टेशन के पास मिले अखिलेश राय कहते हैं, भाजपा ध्रुवीकरण कर चुनाव जीतना चाहती है। संजय राय भी हां में हां मिलाते हुए कहते हैं कि बेरोजगारी, महंगाई पर सरकार कोई बात नहीं करती। सरवनडीह के मोहन सिंह इन तर्कों से नाइत्तफाकी जताते हैं। वह कहते हैं, सबसे ज्यादा विकास कार्य भाजपा सरकार ने किया। शंकर दत्त और सोनू राय मानते हैं कि देश-प्रदेश में काम हुआ, लेकिन गाजीपुर शहर में नहीं हुआ। सड़कें टूटी हैं। सैदपुर के रावल मोड़ पर मिले उमेश यादव कहते हैं कि युवा पुलिस और सेना भर्ती की तैयारी करते हैं, मगर भर्ती न होने से हताश हैं। साजिद, रवींद्र राम ने कहा कि रोजगार के लिए लोग पलायन कर रहे हैं। किंकर पांडेय ने कहा कि कानून-व्यवस्था सुधरी है। पर, जातीय गोलबंदी हावी है। जंगीपुर विस क्षेत्र के रसूलपुर बेलवां गांव के किसान फेकू सिंह यादव कहते हैं, दिन-रात खेतों की रखवाली में बीत रहे। जैतपुरा के मंगल यादव कहते हैं, समय से खाद नहीं मिल रही। बिचौलिए ऊंचे दाम पर बेचते हैं।
जहूराबाद, जखनियां : जातीय गोलबंदी का प्रभाव ज्यादा
जहूराबाद विस क्षेत्र से सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर विधायक हैं। क्षेत्र के कासिमाबाद में जयहिंद यादव कहते हैं, बहादुरगंज की बंद कताई मिल सरकार चालू नहीं करा पाई। मोतीचंद राजभर ने बढ़ती महंगाई रोकने में नाकामी बताई तो केशव यादव ने सपा सरकार के काम गिनाए। हनुमान चौरसिया कहते हैं, राम मंदिर का निर्माण शुरू हो गया। विश्वनाथ धाम का पुराना गौरव लौटा है। गाजीपुर को एक्सप्रेसवे मिला है। जखनियां क्षेत्र के सादात कस्बे में मिले सुनील गुप्ता, लकी, राकेश कुमार, आकाश कुमार ने कहा कि रोजगार व स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने की जरूरत है। नसीर अहमद, धीरज और अतुल यादव इस बार चुनाव में स्थानीय मुद्दों के बजाय अंतिम समय में जाति-धर्म की गोलबंदी से ही परिणाम प्रभावित होने की बात कही।
चंदौली : चकिया, सैयदराजा : कांटे के मुकाबले की बन रही पृष्ठभूमि
चकिया विधानसभा क्षेत्र के हेतिमपुर गांव में चाय-नाश्ते की दुकान पर मिले मोहन सिंह कहते हैं, आज तक किसी भी सरकार ने ऐसा काम नहीं किया था। देश-प्रदेश सही दिशा में चल रहे हैं। उनकी बात खत्म होते ही देवेंद्र यादव ने पूछा तो फिर किसानों का धान क्यों नहीं बिक रहा? रोज नियम बदल रहे हैं। सरकार तय ही नहीं कर पाई कि करना क्या है? सुरेश व राजकुमार ने भी इस पर सहमति जताई, लेकिन विकास के अन्य मामलों में सरकार के कामकाज को ठीक बताया। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के रमऊपुर गांव में पवन सिंह स्थानीय विधायक का जिक्र होने पर कहते हैं, जनता बड़ी नाराज हौ। खैर कोई जीते हम लोगन के का... कोई पूछे वाला नाहीं हौ। पास में खड़े राजेश ने कहा कि इस बार सपा-भाजपा में सीधा मुकाबला होगा। धानापुर के कादिराबाद गांव में खलिहान में हो रही चर्चा में धनेंद्र प्रताप सिंह कहते हैं कि इस सरकार के अलावा कोई विकल्प नहीं है। ज्ञानचंद्र सिंह ने कहा कि किसानों का धान बर्बाद हो रहा है।
सकलडीहा, मुगलसराय : कामकाज का आकलन कर रहे लोग
सकलडीहा विस क्षेत्र के खोर गांव में चाय की दुकान पर उज्ज्वल सिंह और संजीत सिंह कहते हैं, योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है। इस पर सुरेश विश्वकर्मा कहते हैं, ऐसा है तो गांवों में लोग अब तक आवास, शौचालय और जलनिकासी की समस्याओं से परेशान क्यों हैं? अदसड़ और चारी में 50-50 क्यूसेक के दोनों लिफ्ट कैनाल साढ़े तीन वर्ष बाद भी क्यों बंद हैं? मुगलसराय के पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति उपवन से रेलवे जंक्शन की ओर बढ़ने पर चंदासी में एशिया की सबसे बड़ी कोयला मंडी में धूल-मिट्टी के गुबार से लोग दुखी हैं। सिराजुद्दीन, भुट्टो खान कहते हैं कि यहां विकास सिर्फ ऐसे ही है। बाहर से सब अच्छा दिखेगा, लेकिन अंदर कुछ नहीं है। राहुल उनकी बातों से नाइत्तफाकी जताते हुए कहते हैं, जो काम भाजपा सरकार ने कर दिया, वैसा किसी ने नहीं किया था। भ्रष्टाचार पर केंद्र सरकार ने तगड़ा चोट किया।