लखनऊ। कालीदास चौराहे से डीजीपी आवास के बीच हैदर कैनाल के किनारे ग्रीन वैली बनेगी। यहां देसी प्रजातियों के पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। टहलने के लिए दोनों तरफ पाथवे बनेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के वीसी प्रथमेश कुमार ने शनिवार को जोन-6 में कराए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए इसका निर्देश दिया।
एलडीए वीसी ने बताया कि कालीदास चौराहे से डीजीपी आवास के मध्य 950 मीटर लंबाई में 20 करोड़ रुपये की लागत से सुंदरीकरण कराया जाएगा। इसमें आरसीसी नाले का निर्माण, स्लोप पर स्टोन पिचिंग, रेलिंग की स्थापना व नाले के दोनों तरफ पाथवे का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे भविष्य में यह जगह लोगों के मनोरंजन का केंद्र बन सके। इसके लिए कैनाल के किनारे रिक्त भूमि को ग्रीन स्पेस में बदला जाएगा। गार्ड रूम, टॉयलेट ब्लॉक, सिटिंग एरिया आदि भी विकसित होंगे। यहां लोगों की सुविधा के लिए कैफेटेरिया व एंटरटेनमेंट जोन भी विकसित किया जाएगा, जिसके लिए आरएफपी तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बटलर पैलेस में कराए जा रहे फसाड व सुंदरीकरण के कार्यों, गोमतीनगर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल का भी निरीक्षण किया। कर्मचारियों की हाजिरी चेक की। निरीक्षण में मुख्य अभियंता नवनीत शर्मा व जोनल अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे समेत अन्य अधिकारी व अभियंता मौजूद रहे।
10 दिन में तैयार हो जाएगी बंधा रोड
एलडीए वीसी ने 1090 चौराहा (बालू अड्डा) से डीजीपी आवास के मध्य लगभग 3.6 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित की जा रही 920 मीटर लंबी बंधा रोड के कार्य का भी निरीक्षण किया और 10 दिन में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि नई रोड चालू होने से लोगों को आवागमन के लिए एक और वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा।
बटलर झील में एसटीपी से आएगा पानी
वीसी ने बटलर झील का भी निरीक्षण किया। यहां कैफेटेरिया, गजीबो, पेडेस्ट्रियन ब्रिज, व्यूइंग डेक, पाथवे, लाइटिंग, हॉर्टीकल्चर आदि के कार्य पूर्ण हो गए हैं। झील में डालीबाग एसटीपी से ट्रीटेड वॉटर की आपूर्ति होनी है। इसके लिए एसटीपी से झील तक पाइपलाइन बिछाई जा रही है। उपाध्यक्ष ने 10 दिन के अंदर पाइपलाइन कनेक्ट करते हुए झील में जलापूर्ति शुरू करने के निर्देश दिए।