नगरीय परिवहन निदेशालय लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, मथुरा और इलाहाबाद की 820 सिटी बसों में जीपीएस (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) लगाएगा। इनमें लखनऊ की 110 बसें भी शामिल हैं।
बसों में जीपीएस लगाने के लिए केंद्र सरकार की एजेंसी अर्बन मास ट्रांजिट कंपनी ने परिवहन निदेशालय से अनुबंध किया है। निदेशालय के संयुक्त निदेशक अजीत सिंह के मुताबिक केंद्र सरकार के आर्थिक सहयोग से सिटी बसों में जीपीएस लगाया जाएगा।
कंपनी बसों पर निगरानी करने के लिए हर शहर में एक नियंत्रण कक्ष बनाएगी, जिससे बसों की स्थित पता लगाकर ड्राइवर एवं कंडक्टरों की गतिविधियों पर नजर रखेगी। इस सिस्टम के प्रभावी होने पर सिटी बसें तय रूट के अलावा दूसरे रूट पर भी चलायी जाएंगी।
अर्बन मास ट्रांजिट कंपनी एक मोबाइल एप तैयार करेगी। यात्री इस एप को डाउनलोड करके बसों की लोकेशन देख सकेंगे। यहीं नहीं इसके जरिए एक किमी के दायरे में आवागमन करने वाली दूसरी सिटी बसों की स्थिति का भी पता चलेगा।