राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि प्रतिमाएं समाज को प्रेरित करती हैं। सरोजिनी नायडू प्रदेश की प्रथम राज्यपाल रहीं हैं। वह देश की पहली महिला राज्यपाल भी थीं। उनकी प्रतिमा लोगों को देशसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी। ये बातें शनिवार को राज्यपाल ने यहां सरोजिनी नायडू पार्क में उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ उनकी नवनिर्मित प्रतिमा के अनावरण के दौरान कही।
राज्यपाल ने कहा कि जब वे वर्ष 2015 में पहली बार सरोजिनी नायडू पार्क आए तो देखा कि प्रदेश की प्रथम राज्यपाल जिनकी मृत्यु कार्यकाल के दौरान ही राजभवन में हुई थी, उनकी प्रतिमा के नाम पर सिर्फ ‘बस्ट’ (सीने से सिर तक हिस्सा) लगा हुआ है। ऐसी विदुषी महिला और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी होने के बावजूद लखनऊ में उनकी भव्य प्रतिमा न होने पर नई प्रतिमा लगाने का आग्रह किया। इसके बाद यह प्रतिमा लगी। इस मौके पर प्रदेश सरकार में मंत्री ब्रजेश पाठक और महापौर डॉ. संयुक्ता भाटिया भी मौजूद थीं।