कुलपतियों की बहानेबाजी पर राज्यपाल को सोमवार को गुस्सा आ गया।
प्रदेश के राज्यपाल बीएल जोशी ने कुलपति सम्मेलन में कुलपतियों की जमकर क्लास ली। उन्होंने रिजल्ट से लेकर रैगिंग रोकने के कदम उठाने पर सवाल किए लेकिन जवाब में सन्नाटा पसरा रहा।
उन्होंने कुलपतियों से कहा कि कुलपति चाहें तो बहुत कुछ कर सकते हैं। वे बहाने न बनाएं और काम पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों के पास तमाम अधिकार हैं और समितियों को सक्रिय कर फैसले ले सकते हैं।
उन्होंने पूछा कि शोध की गुणवत्ता बनाने के लिए विश्वविद्यालयों को किसकी इजाजत की जरूरत है। कुलाधिपति ने कहा कि क्या कोई वीसी हाथ उठा सकता है कि उसने अपने सारे रिजल्ट घोषित कर दिए हैं।
तब एक-दो कुलपतियों ने ही हाथ उठाए। तब राज्यपाल ने कहा, रिजल्ट में देरी नहीं चल सकती।
देर से रिजल्ट आने पर छात्र का साल बर्बाद हो जाता है। उन्होंने कुलपतियों से कहा कि वे इस पर भी विचार करें कि क्या बिना दीक्षांत के भी डिग्रियां दी जा सकती हैं?