उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने आज उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 9 रिक्त स्थानों पर 4 नये सदस्यों के नामों की घोषणा कर दी है। आज सुबह जब मुख्यमंत्री अचानक ही राजभवन राज्यपाल से मिलने गए थे तभी से इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि चर्चा एमएलसी के इन नामों पर ही होनी है।
विधान परिषद में मनोनयन के लिए सरकार की ओर से भेजी गई नौ नामों की सूची में से चार नामों पर राज्यपाल राम नाईक ने अपनी मुहर लगा दी
है। एसआरएस यादव, लीलावती कुशवाहा, रामवृक्ष यादव तथा जितेंद्र यादव के एमएलसी बनने का रास्ता साफ हो गया है।
नामित किए जाने वाले शेष पांच लोगों के बारे में राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से फिर रिपोर्ट तलब की है। बृहस्पतिवार को नाईक ने अखिलेश को राजभवन बुलाकर अपने इस फैसले की जानकारी दी।विधान परिषद में नौ सदस्यों के मनोनयन को लेकर पिछले लगभग डेढ़ महीने से राजभवन और सरकार के बीच खींचतान चल रही है।
सरकार की ओर से भेजे गए नामों पर पूरी तरह संतुष्ट न होने की वजह से राज्यपाल ने सूची में शामिल कई लोगों के बारे में सरकार से स्पष्टीकरण मांगा था। सूची का गहन परीक्षण करने के बाद चार नामों पर पूरी तरह संतुष्ट हो जाने पर राज्यपाल ने आज इनके नामों पर सहमति दे दी।