राज्यपाल ने एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया
- फोटो : अमर उजाला
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली में आयोजित परेड में शामिल होकर लौटे राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेट्स को स्वर्ण व रजत पदक के साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर राज्यपाल ने क हा कि एनसीसी युवाओं में भाईचारा, अनुशासन, नेतृत्व और देशप्रेम का भाव विकसित करता है।
राजभवन में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण के साथ कैडेट्स समाजसेवा के अभियानों में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। राष्ट्र के समक्ष अनेक चुनौतियां हैं तथा चुनौतियों का सामना करने के लिए हमारे युवा वर्ग को अनुशासित होकर अपनी सामर्थ्य और आत्मविश्वास के साथ सहयोग करना होगा।
उन्होंने सभी कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि आप लोगों ने गणतंत्र दिवस परेड का नेतृत्व कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। एनसीसी कैडेट सिद्धार्थ, आकांक्षा पांडेय, सृष्टि सिंह, आरजू, रोहित नागर तथा सुहासनी घोष को राज्यपाल स्वर्ण पदक और कैडेट चंद्रदीप सिंह, अंशु चौधरी, विदुषी रावत, अरसी आबिद खान, वीरेन्द्र तथा साक्षी चौधरी को राज्यपाल रजत पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मेजर जनरल राकेश राणा ने भी विचार रखे। कैडेट्स ने सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं देश भक्ति के गीत प्रस्तुत किए। इस मौके पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव हेमंत राव, एनसीसी के अन्य अधिकारी एवं कैडेट्स भी मौजूद रहे। राज्यपाल ने एनसीसी लखनऊ ग्रुप को एनसीसी ध्वज भी प्रदान किया।