नैमिषारण्य के मां ललिता देवी, बलरामपुर के मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ और मिर्जापुर के मां विंध्यवासिनी शक्तिपीठ मेला का खर्च अब राज्य सरकार उठाएगी। इस प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। मेले का प्रबंधन संबंधित जिलों के डीएम के हाथों में रहेगा।
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने बताया कि सीतापुर के जिलाधिकारी ने मां ललिता देवी शक्तिपीठ अमावस्या मेला, नैमिषारण्य के प्रांतीयकरण का प्रस्ताव उपलब्ध कराया था। अभी इस मेले का आयोजन नगरपालिका परिषद, मिश्रिख करती है।
मेले के अंतरराष्ट्रीय स्वरूप को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके प्रांतीयकरण की घोषणा की थी। मेले का प्रांतीयकरण होने के बाद इस पर होने वाला 60 लाख रुपये का खर्च शासन वहन करेगा।
इसी तरह मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ, देवीपाटन तुलसीपुर मेला, जिला बलरामपुर और मां विंध्यवासिनी शक्तिपीठ मेला, मिर्जापुर के प्रांतीयकरण के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई है। मां पाटेश्वरी देवी शक्तिपीठ मेले के आयोजन पर प्रतिवर्ष 48.44 लाख और मां विंध्यवासिनी शक्तिपीठ मेला करीब 41.49 लाख रुपये का खर्च शासन उठाएगा।
अभी मां विंध्यवासिनी शक्तिपीठ मेले का संचालन विंध्य विकास परिषद और 9 कार्यदायी विभागों द्वारा किया जाता है। वहीं, पाटेश्वरी शक्तिपीठ मेले का संचालन जिला प्रशासन करता है। अधिसूचना जारी होने के बाद इन दोनों मेलों का भी प्रबंधन संबंधित जिलाधिकारियों के हाथों में पहुंच जाएगा। अधिसूचना जारी करने के प्रस्तावों को कैबिनेट ने अनुमोदित कर दिया।