रेल बजट से ठीक पहले आम यात्रियों को तगड़ा झटका देते हुए रेलवे ने सभी श्रेणियों में यात्री किराए में 14.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है।
बढ़ा हुआ किराया 25 जून से लागू होगा। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नीरज शर्मा ने किराया बढ़ाए जाने की पुष्टि की है।
यात्रियों को 25 जून के बाद लखनऊ से दिल्ली जाने के लिए शयनयान में 35 रुपये जबकि एसी प्रथम में 225 रुपये अधिक देने होंगे।
सर्विस टैक्स भी देना होगा आपको
मेल एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों की जनरल श्रेणी की बोगियों में यात्रा करने वाले आम यात्रियों पर भी बढ़े किराए का बोझ पड़ेगा।
लखनऊ से गोंडा, गोरखपुर, सीतापुर सहित आसपास जाने के लिए उनको दस रुपये तक अधिक देने होंगे।
यात्रियों को अधिक किराया तो देना ही होगा, उनको एसी श्रेणी में बेसिक फेयर पर लगने वाले सर्विस टैक्स भी पांच से 15 रुपये अधिक देने होंगे।
टीटीई करेगा वसूली
रेलवे बोर्ड ने पहले 16 मई को इस किराए में वृद्धि का आदेश दिया था। इसी दिन लोकसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद देर शाम बोर्ड ने अपने आदेश को कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दिया था।
रेलवे ने 10 प्रतिशत किराया बढ़ाने के साथ अंतरिम रेल बजट में घोषित 4.2 प्रतिशत फ्यूल एडजेस्टमेंट कंपोनेंट (एफएसी) को भी बढ़ाने का आदेश दिया है।
रेलवे पहले से टिकट की बुकिंग कराने वाले यात्रियों से 25 जून के बाद ट्रेनों में सफर के दौरान टीटीई से बढ़े हुए अंतराल को वसूलेगा।
काठगोदाम प्रीमियम ट्रेन का फेरा बढ़ा
रेलवे ने काठगोदाम प्रीमियम ट्रेन की अधिक मांग को देखते हुए इसके तीन और फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
पहले इस ट्रेन का संचालन 19, 21 और 22 जून तक होना था। अब यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने 05037/05038 लखनऊ जंक्शन-काठगोदाम प्रीमियम ट्रेन के संचालन में तीन ट्रिप बढ़ाने का फैसला किया है।
ट्रेन नंबर 05037 लखनऊ-काठगोदाम प्रीमियम अब 26, 28 और 29 जून को लखनऊ जंक्शन से जबकि इसी दिन ट्रेन नंबर 05038 काठगोदाम-लखनऊ प्रीमियम काठगोदाम से लखनऊ के लिए चलाई जाएगी।
एमएसटी का सफर भी महंगा
किराया बढ़ने की मार आम यात्रियों के साथ दैनिक यात्रियों पर भी पड़ेगी। लखनऊ के करीब 20 हजार दैनिक यात्रियों को अब सेकेंड क्लास श्रेणी की मासिक सीजन टिकट (एमएसटी) का दोगुना शुल्क अदा करना होगा।
उनको हर माह 15 यात्रा के बराबर किराया न देकर अब 30 यात्रा का किराया देना होगा।
इसी तरह प्रथम श्रेणी की एमएसटी बनाने वाले यात्रियों को अब चार गुना अधिक शुल्क देना होगा। यह व्यवस्था क्वार्टर सीजन टिकट, छमाही सीजन टिकट और वार्षिक सीजन टिकट पर भी लागू होगी।