मुख्यमंत्री के आदेश के तहत लखनऊ और अवध क्षेत्र में सोमवार से सभी सरकारी कार्यालय तय निर्देशों के तहत खुलेंगे। सीतापुर में कोई छूट नहीं दी जाएगी। लखनऊ में कोरोना संक्रमण को देखते हुए हॉटस्पॉट इलाकों में सैनिटाइजेशन के बाद 200 से अधिक छोटी-बड़ी मशीनों से रविवार देर शाम तक सरकारी कार्यालयों में सैनिटाइजेशन किया गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी सुनील रावत ने बताया कि रविवार को विधानसभा, लोकभवन, एनेक्सी, जिलाधिकारी कार्यालय, सीबीआई ऑफिस, आयकर, जवाहर-इंदिरा भवन, आयुष्मान, परिवहन सहित तमाम विभागों को सैनिटाइज कराया गया।
नगर आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार से निगम के सभी कार्यालय खुलेंगे। 33 प्रतिशत कर्मचारी सामाजिक दूरी का पालन करते हुए सेवाएं शुरू करेंगे। आम पब्लिक को नहीं आने दिया जाएगा। जो ऑनलाइन काम हैं, वह लोग अपने घर से करा सकते हैं। एलडीए उपाध्यक्ष शिवाकांत द्विवेदी का कहना है कि सोमवार से एलडीए के कार्यालय खुलेंगे, लेकिन अभी आवश्यक कार्य ही कर्मचारी करेंगे। अभी पब्लिक नहीं आ सकेगी।
वहीं सीतापुर के डीएम अखिलेश तिवारी ने कहा कि जनपद में कोरोना पॉजिटिव के मरीजों के मद्देनजर कोई छूट नहीं दी जाएगी। अयोध्या के डीएम अनुज कुमार झा के अनुसार सोमवार से सभी विभाग 33 प्रतिशत कर्मियों के साथ खुलेंगे। फ्लोर मिल, राइस मिल, दाल मिल, ऑयल मिल, दुग्ध उत्पादन व वितरण, बेकरी, चिह्नित किराना की दुकानें और मेडिकल स्टोर, कृषि उत्पादन, बैंक, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, टोल प्लाजा हाईवे, हाईवे पर ट्रक रिपेयरिंग की दुकान, मनरेगा के तहत होने वाले कार्य, वी-मार्ट, बिग बाजार, बैंकिंग सुविधा, मालवाहक यातायात, बड़े कार्य सोशल डिस्टेंसिंग के पालन की शर्त के साथ होंगे।
पूर्व की भांति सभी धार्मिक स्थल बंद रहेंगे। अंबेडकरनगर के डीएम राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि अति आवश्यक सेवा प्रदान करने वाले सरकारी दफ्तर खुलेंगे। बाराबंकी के डीएम डॉ. आदर्श कुमार सिंह के अनुसार सोमवार से सभी विभाग 33 प्रतिशत कर्मियों के साथ खुलेंगे। आवश्यक सेवाओं के साथ कृषि कार्य के लिए पहले से छूट दी गई है। इसके अलावा अन्य कोई रियायत नहीं है।
रायबरेली की डीएम शुभ्रा सक्सेना ने बताया कि कन्टेनमेंट जोन/हॉटस्पॉट क्षेत्र में कोई गतिविधि प्रारंभ नहीं की जाएगी। प्रतिष्ठान चालू करने के प्रतिबन्धात्मक निर्देश दिए गए हैं। प्रतिष्ठान संचालक नोडल अधिकारी एडीएम प्रार्थनापत्र देंगे और अनुमति प्राप्त कर अपने प्रतिष्ठान खेलेंगे।
गोंडा के डीएम डॉ. नितिन बंसल ने अधिकारियों को सरकारी दफ्तरों को खोलने व पूरी सतर्कता बरतने के साथ ही काम करने को कहा है। जरूरी कर्मचारियों को ही ऑफिस बुलाया जाएगा। बलरामपुर के डीएम कृष्णा करुणेश ने कहा सरकारी दफ्तर खुलेंगे, आम जनता का प्रवेश नहीं होगा।
सभी कृषि कार्य होंगे व कृषि उपकरणों की मरम्मत की दुकानें खुलेंगी। शहरी क्षेत्र में लॉक डाउन रहेगा, ग्रामीण क्षेत्र के सभी उद्योग शुरू होंगे। सुल्तानपुर की डीएम सी. इंदुमती ने कहा कि आंगनबाड़ी, मनरेगा, माल व वस्तुओं का यातायात व उसकी लोडिंग-अनलोडिंग, पशुपालन, मत्स्य, कृषि, बैकिंग, औद्योगिक प्रतिष्ठान के कार्य हो सकेंगे। प्रशासन की ओर से चिह्नित की गईं दुकान व प्रतिष्ठान खुल सकेंगे।