लखनऊ। नगर निगम ने मंगलवार को सरोजनीनगर तहसील के औरंगाबाद जागीर में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 10 हजार वर्ग फीट की सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 1.80 करोड़ रुपये है।
विज्ञापन
नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। संपत्ति प्रभारी रिपुदमन सिंह और तहसीलदार अरविंद पांडेय की देखरेख में नायब तहसीलदार राजेंद्र कुमार ने जेसीबी से अवैध बाउंड्रीवॉल और प्लॉटिंग ध्वस्त कराई। जांच में सामने आया कि खसरा संख्या 1145 (0.063 हेक्टेयर बंजर) और खसरा संख्या 1454 (0.341 हेक्टेयर तालाब) पर कब्जा था। ये भूमि नगर निगम की निहित संपत्ति हैं, जिन पर कुछ लोगों ने रेडीमेड बाउंड्रीवॉल खड़ी कर प्लॉटिंग शुरू कर दी थी। कार्रवाई के दौरान लेखपाल अनूप गुप्ता, बिजनौर थाने की पुलिस और नगर निगम की ईटीएफ टीम मौजूद रही। नगर निगम ने बताया कि सरकारी भूमि पर कब्जे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।