प्रदेश सरकार जल्द ही मृतक आश्रितों को शिक्षक बनने का मौका देने जा रही है। इस बाबत नियम-कायदे तय करने के लिए अगले महीने कैबिनेट में प्रस्ताव लाया जाएगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग को तैयारी करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात किसी शिक्षक की मौत होने पर उनके आश्रित को नौकरी देने का नियम तो है, मगर उन्हें चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का पद दिया जाता है।
यही वजह है कि शिक्षक पद के लिए जरूरी योग्यता होने पर भी तमाम मृतक आश्रित दफ्तरों में पानी पिला रहे हैं। इस नियम को बदलवाने के लिए शिक्षक संगठन भी लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे। चुनावी वर्ष में राज्य सरकार ने यह मांग मानने का विचार किया है।