लखनऊ। बीकेटी विधान सभा के चिनहट क्षेत्र के दुग्गौर में गोमती नदी पर दो लेन का एक और पुल बनेगा। इस पुल के निर्माण के लिए शासन ने मंजूरी देते हुए 45.68 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। सेतु निगम दो माह के भीतर पुल का निर्माण शुरू करने की तैयारी में है। नए पुल के बनने से चिनहट क्षेत्र के लोगों का आवागमन सुगम होगा।
सेतु निगम के अफसरों ने बताया कि विधायक योगेश शुक्ला की पैरवी पर इस पुल के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। शासन ने इसकी मंजूरी देते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना में शामिल किया है। सेतु निगम ने इस सिलसिले में एक टीम का गठन किया है। यह टीम निर्माण स्थल का मौका मुआयना करने के बाद एस्टीमेट बनाकर लोक निर्माण विभाग के पास मंजूरी के भेजा जाएगा। शासन ने पुल के लिए 45.68 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस धनराशि से पुल के साथ में सुरक्षा की दृष्टि से सड़क भी बनेगी।
दो आरओबी निर्माण के लिए भी मंजूरी
शासन ने दो रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण को भी मंजूरी देते हुए उन्हें भी चालू वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना में शामिल किया है। ये आरओबी मलिहाबाद के दिलावरनगर व मल्हौर के खरगापुर में प्रस्तावित हैं। शासन ने दोनों आरओबी के एस्टीमेट मांगे हैं। सेतु निगम अफसरों का कहना कि दो माह के भीतर इन आरओबी का निर्माण भी शुरू हो जाएगा। उधर, रेलवे अफसरों ने बताया कि राजधानी में ट्रांसपोर्टनगर, आलमनगर, दिलकुशा, मानकनगर, अमौसी, लखनऊ-मल्हौर, छठा मिल रेलवे ट्रैक पर आरओबी बनाने का प्रस्ताव सेतु निगम को भेजा था।