होटल में आयोजित इंडो–यूएस बिजनेस समिट में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक। स्रोत ः आयोजक
लखनऊ। इन्वेस्ट यूपी और इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इंडो–यूएस बिजनेस समिट में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश आज ‘एक्सप्रेसवे प्रदेश’ के रूप में अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर उसकी आर्थिक स्थिति और मजबूत हुई है।
उन्होंने ब्रह्मोस और रक्षा क्षेत्र में प्रदेश की बढ़ती भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि रक्षा गलियारे और रणनीतिक क्षमताओं के विस्तार के साथ प्रदेश राष्ट्र की सुरक्षा और उद्योग-आधारित विकास में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। सरकार ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और निवेश मित्र पोर्टल ने निवेशकों को सहज और पारदर्शी प्रक्रिया दी है।
शुक्रवार को राजधानी के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में केंद्र सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि भारत इस समय व्यापक आर्थिक परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है और सरकार ‘ब्रांड इंडिया’ को विश्व के नवाचार और प्रतिस्पर्धा केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तर प्रदेश में विश्वस्तरीय एक्सप्रेसवे, इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण, आईटी और प्रगतिशील औद्योगिक वातावरण प्रदेश को भारत का गतिशील ग्रोथ इंजन बना रहे हैं। उत्तर प्रदेश अब वैश्विक निवेशकों के लिए सबसे आकर्षक और संभावनाओं से भरे गंतव्यों में से एक बन चुका है।
उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्यान, खाद्य प्रसंस्करण और कृषि निर्यात के क्षेत्र में राष्ट्रीय शक्ति के रूप में तेजी से उभर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की ‘किसान-प्रथम नीति’, प्रगतिशील पहल और तकनीक आधारित आधुनिकीकरण ने कृषि परिदृश्य को पूरी तरह बदल दिया है और ग्रामीण समृद्धि को नई गति दी है।
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड के प्रेसिडेंट एवं नेशनल हेड (होलसेल एंड डिस्ट्रीब्यूटर अलायंस) अमित गुप्ता ने कहा कि फाॅर्च्यून 500 कंपनियों की बढ़ती उपस्थिति, ग्लोबल वैश्विक क्षमता केंद्रों (जीसीसी) के तीव्र विस्तार और डाटा सेंटर उद्योग के उभार ने उत्तर प्रदेश को भविष्य-उन्मुख निवेश हब के रूप में स्थापित कर दिया है। जेएसडब्ल्यू एनर्जी के गजेंद्र प्रताप सिंह, ट्रांसजोवन कैपिटल के गौरव अस्थाना, यूएनओ मिंडा लिमिटेड के डॉ. अनारी एन. एस., तथा अडानी पोर्ट्स एंड एसईजेड लिमिटेड के श्री नितिन शर्मा शामिल हुए।