पूर्वोत्तर रेलवे की लापरवाही से एसी के टिकट में लोगों को जनरल में यात्रा करनी पड़ी। यात्रियों ने रिफंड के लिए हंगामा किया तो मामला सामने आया।
गोरखपुर से जिन यात्रियों का टिकट एसी चेयरकार में था उन्हें पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन की लापरवाही से उमस भरी गर्मी में जनरल बोगी में लखनऊ तक सफर करना पड़ा। यह मामला तब सामने आया जब गोरखपुर लखनऊ सुपरफास्ट इंटरसिटी एक्सप्रेस-12531 के लखनऊ जंक्शन पर पहुंचते ही यात्रियों ने रिफंड को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
काफी देर तक बवाल चला और यात्री रिफंड के लिए अड़ गए। अधिकारियों ने जैसे-तैसे यात्रियों को समझाया और उन्हें बिना रिफंड लिए लौटना पड़ा। वहीं जब 12532 लखनऊ-गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस लखनऊ जंक्शन से यात्री गोरखपुर के लिए शाम 4.35 बजे रवाना हुए तो गोरखपुर पहुंचने पर हंगामा किया।
बता दें कि ट्रेन में एसी की दो बोगियां लगी होती हैं, जिसकी संख्या तीन करने की घोषणा पूर्वोत्तर रेलवे ने की थी। रेलवे प्रशासन ने बताया कि ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से एक अतिरिक्त एसी चेयरकार लगाई जानी थी।
इसकी फीडिंग भी कर दी गई। यात्रियों ने एसी के टिकट भी करवाए। पर, ऐन मौके पर रविवार को जब ट्रेन गोरखपुर से रवाना हुई तो उसमें अतिरिक्त एसी चेयरकार नहीं लगाई गई।