गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा में तैनात सिपाहियों पर जानलेवा हमले की घटना को अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने आतंकी साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि हमलावर अहमद मुर्तजा अब्बासी के पास से बरामद लैपटॉप व मोबाइल फोन से जो दस्तावेज बरामद हुआ हैं, उससे आतंकी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि एटीएस के एडीजी नवीन अरोड़ा और एसटीएफ के एडीजी अमिताभ यश ने गोरखपुर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। इस बीच, अब्बासी के खिलाफ गोरखनाथ थाने में धार्मिक उन्माद फैलाने, भय पैदा करने, सरकारी लोकसेवक पर हमला करने, हत्या की कोशिश समेत कई धाराओं में दो केस दर्ज किए गए हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि हमलावर अब्बासी ने धारदार हथियार से हमला करते हुए धार्मिक नारे भी लगाए। घटना में घायल पीएसी के सिपाही गोपाल गौड़ व अनिल पासवान का बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों को घटना की तह तक जाने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ी तो दूसरी एजेंसियों को भी मदद ली जाएगी। प्रशांत कुमार ने कहा कि हमलावर को गेट पर ही न पकड़ा जाता तो स्थिति बेकाबू हो सकती थी।
साजिश नाकाम करने वाले सिपाहियों को पांच लाख का इनाम
एसीएस गृह ने बताया कि घटना को बड़ी वारदात होने से रोकने वाले पीएसी के घायल सिपाहियों गोपाल व अनिल और नागरिक पुलिस के सिपाही अनुराग राजूत को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांच लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
दहशत की तस्वीर...
हथियार लहराते हुए धार्मिक नारे लगाए, सिपाहियों ने रोका तो किया हमला
यह तस्वीर रविवार की है। हमलावर अब्बासी गोरखनाथ मंदिर के गेट नंबर एक से घुसा और सिपाहियों पर धारदार हथियार से हमला किया। पुलिसकर्मियों ने बीचबचाव किया तो उन पर भी हमला किया। इस दौरान वह धार्मिक नारे लगाता रहा। घटना से वहां मौजूद लोगों में भय का माहौल हो गया। एक सिपाही की तहरीर पर दो अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा है।
पीएसी जवान गोपाल को लगे हैं 40 टांके
घायल पीएसी के जवान गोपाल गौड़ पर अब्बासी ने ताबड़तोड़ हमले किए। इससे उनके पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें 40 टांके लगे हैं। दूसरे सिपाही अनिल को भी 10 टांके लगे हैं।
मानसिक विक्षिप्त नहीं... सिर्फ गुमराह कर रहा
जांच के बाद डॉक्टरों ने मुर्तजा को मानसिक रूप से स्वस्थ बताया है। डॉक्टरों ने बताया कि वह तरह-तरह की बातें जरूर कर रहा था, लेकिन जब उससे मानसिक रोग विशेषज्ञ ने बात की तो समझ में आ गया कि वह सिर्फ गुमराह कर रहा।
आईआईटी मुंबई से इंजीनियरिंग की है अब्बासी ने
गोरखपुर के मुर्तजा ने आईआईटी मुंबई से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। अक्तूबर 2021 से वह गोरखपुर में रह रहा था। उसके परिवार के एक सदस्य शहर के प्रतिष्ठित डॉक्टर हैं।
सीएम योगी ने जवानों का बढ़ाया हौसला
वारदात के बाद से ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्थिति की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने सोमवार को गोरखपुर पहुंचकर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में घायल जवानों गोपाल गौड़ और अनिल पासवान से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया। उनके साहस और पराक्रम की सराहना की। जवानों के परिजनों को आश्वस्त किया कि सरकार इलाज में कमी नहीं आने देगी।
जाकिर नाइक को फॉलो करता है मुर्तजा, भड़काऊ वीडियो मिला
अहमद मुर्तजा अब्बासी के लैपटॉप और मोबाइल फोन से मिले कई अहम सुराग मिले हैं। बताया जा रहा है कि वह प्रतिबंधित इस्लामिक प्रचारक जाकिर नाइक को फॉलो करता है। यूट्यूब पर जाकिर को सुनता था। पेन ड्राइव में भी भड़काऊ वीडियो मिले हैं।