फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'शिकार' का इंतजार कर रहे थे लुटेरे, मैनेजर पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, लाखों ले उड़े, तस्वीरें

Sun, 08 Dec 2019 03:29 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
1 of 8
बदमाशों ने कारोबारी के मैनेजर राजीव मिश्रा को गोली मारकर लाखों रुपये लूटे। - फोटो : अमर उजाला
बाजारखाला के भीड़भरे इलाके शास्त्रीनगर में शनिवार को दिनदहाडे़ दो बदमाशों ने सिगरेट कारोबारी के मैनेजर राजीव मिश्रा को गोली मारकर लाखों रुपये से भरा बैग लूट लिया। राजीव रकम जमा करने एचडीएफसी बैंक की अमीनाबाद शाखा जा रहे थे कि तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें टक्कर मारकर रोका और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

राजीव के पैरों और हाथ में तीन गोलियां लगीं। इसके बाद बदमाश बैग छीनकर असलहा लहराते हुए भाग निकले। सूचना पर एडीजी लखनऊ जोन एसएन साबत और एएसपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी समेत अन्य पुलिस अफसरों ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। घायल राजीव को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।  

एडीजी ने बताया कि राजीव गणेशगंज में रहता है और राजाजीपुरम निवासी सिगरेट के थोक विक्रेता नवीन गुप्ता की रकाबगंज की पत्तल वाली गली स्थित नवीन इंटरप्राइजेज में मैनेजर है। नवीन का ऑफिस बाजारखाला के तिलकनगर में है। दोपहर करीब तीन बजे राजीव बैग में बिक्री का रुपया लेकर स्कूटी से अमीनाबाद को निकला।
विज्ञापन

ऑफिस से करीब 200 मीटर आगे हुई घटना

2 of 8
बदमाशों ने कारोबारी के मैनेजर राजीव मिश्रा को गोली मारकर लाखों रुपये लूटे। - फोटो : अमर उजाला
ऑफिस से करीब 200 मीटर आगे ही शास्त्रीनगर में पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। राजीव के सड़क पर गिरते ही एक बदमाश बाइक से उतरा और उस पर असलहा तानकर फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बदमाश ने ताबड़तोड़ पांच गोलियां चलाईं।

इनमें से राजीव के दोनों पैरों में घुटने के आसपास दो और दाएं हाथ पर एक गोली लगी। वारदात से दहशत फैल गई। राहगीर रुक गए। उधर, बदमाश ने आराम से राजीव के हाथ से बैग छीना और वापस मुड़कर ढाल से आगे भाग निकले। राजीव ने फोन कर नवीन को लूट की सूचना दी। वह अन्य कर्मचारियों के साथ पहुंचे और लोगों की मदद से राजीव को अस्पताल ले गए।

इस बीच सूचना पाकर एएसपी पश्चिम के अलावा सीओ बाजारखाला अनिल कुमार यादव और वजीरगंज, बाजारखाला समेत कई थानों की पुलिस पहुंच गई। सीओ चौक दुर्गा प्रसाद तिवारी और चौक इंस्पेक्टर विश्वजीत सिंह ने ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर राजीव से घटनाक्रम की जानकारी ली।
विज्ञापन

मैनेजर ने पहले कहा 21 लाख, बाद में बोला- 12 लाख ही लुटे

3 of 8
बदमाशों ने कारोबारी के मैनेजर राजीव मिश्रा को गोली मारकर लाखों रुपये लूटे। - फोटो : अमर उजाला
लुटेरे कितने रुपये ले गए, इस बारे में स्पष्ट नहीं हो सका। वारदात के बाद राजीव ने ट्रॉमा सेंटर में 21 लाख रुपये लुटने की बात कही। हालांकि, कुछ देर बाद ही वह बयान से पलट गया और बैग में सिर्फ 12 लाख रुपये होने की जानकारी दी। उधर, पुलिस आठ से 10 लाख रुपये लूटे जाने की बात कहती रही।

कारोबारी नवीन गुप्ता का कहना था कि राजीव कितना रुपया ले गया था? इस बारे में जानकारी नहीं है। हिसाब मिलाया जा रहा है। देर शाम उसने जो एफआईआर दर्ज कराई, उसे लेकर भी अफसर चकरा गए। इसमें नवीन ने लिखा कि राजीव मिश्रा मेरी फर्म से  बाहर लाख रुपये लेकर एचडीएफसी बैंक के लिए निकला।

उन्होंने नीचे लिखा कि ऑफिस पहुंचकर रुपये का हिसाब दे पाऊंगा। दोनों बातों से पुलिस यह तय नहीं कर पा रही है कि एफआईआर में रकम लिखाई गई है या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस शुरू में लिखे बाहर को बारह लाख रुपया माने या तहरीर के आखिर में ऑफिस पहुंचकर रुपये का हिसाब देने की बात पर विश्वास करे।

मैनेजर के पीछे लगे बदमाश रास्ते में खड़े साथियों को फोन से दे रहे थे खबर

4 of 8
बदमाशों ने कारोबारी के मैनेजर राजीव मिश्रा को गोली मारकर लाखों रुपये लूटे। - फोटो : अमर उजाला
मैनेजर राजीव से लाखों की लूट की वारदात में दो से अधिक बदमाश शामिल थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों ने रेकी करने के बाद वारदात की है। राजीव रोज इसी वक्त पर रुपया जमा कराने बैंक के लिए निकलता है।

उसका रूट भी एक ही है। शनिवार दोपहर राजीव जब ऑफिस से निकला तो एक-दो बदमाश उसके पीछे लगे थे जबकि दो बदमाश शास्त्रीनगर में दुर्गा मंदिर के मोड़ पर इंतजार कर रहे थे। राजीव का पीछा करने वाले बदमाश आगे खड़े साथियों से मोबाइल के जरिए संपर्क में थे।

वह राजीव की पल-पल की खबर उन्हें दे रहे थे। राजीव के शास्त्रीनगर में दुर्गा मंदिर के पास पहुंचने की खबर मिलते ही उसका इंतजार कर रहे बदमाशों ने बाइक स्टार्ट करके पोजीशन ले ली। वह दूसरी तरफ से घूमकर राजीव की स्कूटी के सामने पहुंचे और टक्कर मारकर उसे रोक लिया।
विज्ञापन

सड़क पर इंतजार करते हुए बदमाशों की फुटेज मिली

5 of 8
बदमाशों ने कारोबारी के मैनेजर राजीव मिश्रा को गोली मारकर लाखों रुपये लूटे। - फोटो : अमर उजाला
बाइक सवार दोनों लुटेरे रास्ते में खड़े होकर शिकार का इंतजार कर रहे थे। घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में दोनों की इंतजार करते हुए फुटेज मिल गई है। हालांकि, कैमरा कुछ ऊंचाई पर लगा होने से लुटेरों की बाइक, कद-काठी और चेहरे साफ नहीं दिख रहे हैं।

फुटेज से साफ है कि बदमाश लगभग पांच मिनट तक सड़क पर खड़े रहे। फुटेज में दोनों मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए भी नजर आ रहे हैं। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए उनके भागने के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

बाइक पर नहीं था नंबर, हेलमेट से चेहरा छिपाए थे लुटेरे
बदमाश जिस बाइक से आए थे, उस पर नंबर नहीं लिखा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार दोनों बदमाश चेहरा छिपाने के लिए हेलमेट लगाए हुए थे। राजीव को गोली मारकर बैग छीनने के दौरान एक बदमाश ने बिना हेलमेट उतारे ही गुटखा थूका था।
विज्ञापन

बदमाश किस बाइक से थे? यह भी स्पष्ट नहीं

6 of 8
बदमाशों ने कारोबारी के मैनेजर राजीव मिश्रा को गोली मारकर लाखों रुपये लूटे। - फोटो : अमर उजाला
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उसने हेलमेट की ठोड़ी वाला हिस्सा नीचे करके गुटखा थूका। इस दौरान आसपास के लोगों ने बदमाश का चेहरा पहचानने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। बदमाश किस बाइक से थे? यह भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।

ऑफिस के कर्मचारियों समेत कई की भूमिका खंगाल रही पुलिस
नवीन गुप्ता के ऑफिस में राजीव के अलावा विजय चुग, ऋषि, मोनू और विजय अग्रवाल भी काम करते हैं। पुलिस का मानना है कि वारदात में कोई जानकार अथवा करीबी शामिल है। पुलिस चारों कर्मचारियों के साथ ही ऑफिस में आने-जाने वाले कुछ लोगों की भूमिका खंगाल रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है।

जिस तरह से राजीव के पैरों व हाथ में गोलियां मारी गई हैं, उससे साफ है कि बदमाश उसे जान से नहीं मारना चाहते थे। संकरे रास्ते पर वारदात से इसकी पुष्टि हो रही है कि बदमाश इलाके की गलियों से अच्छी तरह से वाकिफ थे। पुलिस के मुताबिक, बदमाश इलाके के ही हो सकते हैं, अथवा नवीन के ऑफिस से जुड़े हो सकते हैं।
विज्ञापन

घटनास्थल पर लगा सीसीटीवी कैमरा खराब निकला

7 of 8
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस टीम। - फोटो : अमर उजाला
जिस जगह पर लूट की वारदात हुई, वहां सामने स्थित एक मकान पर सीसीटीवी कैमरा लगा था। मौके पर पहुंचते ही एडीजी जोन एसएन साबत ने सीसीटीवी कैमरे की तरफ इशारा करते हुए साथ चल रहे पुलिसकर्मियों को फुटेज निकलवाने को कहा। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने कैमरा खराब होने की जानकारी दी। इस पर उन्होंने इलाके में अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने के निर्देश दिए।

वारदात की दहशत से बंद हो गईं आसपास की दुकानें
शास्त्रीनगर की तंग सड़क पर भरी दोपहरी गोलियां मारकर लूट की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। सामने स्थित कबाब पराठे की दुकान समेत आसपास की अन्य दुकान के मालिकों ने शटर गिरा दिए। लोगों ने बताया कि वारदात के बाद बाइक से भाग रहे बदमाशों का कुछ लोगों ने पीछा भी किया, लेकिन उन्हें पकड़ नहीं सके।

लुटेरों के भागने के दो रास्तों पर हो रही पड़ताल
शास्त्रीनगर स्थित सत्संग भवन के बगल में वारदात के बाद लुटेरे ढाल से रामनगर की तरफ भागे थे। यह रास्ता रस्तोगी कॉलेज और ऐशबाग पानी की टंकी की तरफ जाता है। पुलिस दोनों रास्तों की पड़ताल कर रही है।

हालांकि, बदमाशों के ऐशबाग वाले रास्ते से होते हुए भागने की ज्यादा आशंका जताई जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह रास्ता झगड़ेश्वर मंदिर की तरफ निकलता है जो सुरक्षित है।
विज्ञापन

8 of 8
बाइक सवार चार संदिग्ध लुटेरों की फोटो जारी। - फोटो : अमर उजाला
यह था घटनाक्रम
3.13 बजे- तिलकनगर स्थित ऑफिस से मैनेजर रुपया लेकर निकला
3.16 बजे- बदमाशों ने गोलियां मारकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया
3.20 बजे- सिगरेट कारोबारी व अन्य कर्मचारी घटनास्थल पहुंचे
3.35 बजे- घायल मैनेजर को ट्रामा सेंटर लाया गया
5.04 बजे- एडीजी जोन ने घटनास्थल का मुआयना किया
06.36 बजे- सिगरेट कारोबारी ने एफआईआर दर्ज कराई
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें