अयोध्या-गोंडा हाइवे के नगवा मोड़ पर मंगलवार दोपहर इलाहाबाद बैंक की फ्रेंचाइजी चला रहे युवक को बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। इस दौरान उनसे तीन लाख अस्सी हजार रुपये भी लूट लिए। घायल युवक को सूचना पर पहुंचे बैंक प्रबंधक जिला अस्पताल लेकर गये। पुलिस मौके पर जांच कर रही है।
नगवा निवासी सुमित तिवारी ने डुमरियाडीह स्थित इलाहाबाद बैंक की फ्रेंचाइजी ले रखी है। सुमित मंगलवार दोपहर में लगभग दो बजे इस बैंक शाखा से 380000 रुपये निकाल कर अपनी फ्रेंचाइजी पर जा रहा था। वह जब नगवा मोड़ से लगभग 300 मीटर अंदर गांव की तरफ पहुंचा, तभी मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया और जांघ में गोली मार कर पीठ पर लदा बैग ले कर बाइक से गांव की तरफ भाग गये।
सूचना पर इलाहाबाद बैंक डुमरियाडीह के शाखा प्रबंधक नितिन कुमार मौके पर पहुंचे और युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस अपराधियों की तलाश में क्षेत्र में दबिश दे रही है। डुमरियाडीह स्थित बैंक शाखा पर डीआईजी डॉ. राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक आरके नैय्यर पहुंच कर पूछ-ताछ कर रहे हैं।