12वीं पास छात्रों के लिए गुड न्यूज है। यूपी में इंजीनियरिंग के लिए सरकारी कॉलेजों में दो हजार सीटें खाली हैं। अब तक 30 हजार से ज्यादा नए रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। आगे पढ़ें और जानें सब कुछ...
उत्तर प्रदेश के इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग आखिरी चरण में पहुंच गई है। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की ओर से राजकीय इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश के लिए विशेष चरण की काउंसिलिंग शुरू की गई है। इसमें नए व पुराने राजकीय इंजीनियरिंग संस्थानों में लगभग 2000 सीटें खाली हैं। निजी कॉलेजों को मिलाकर कुल 74395 सीटें खाली हैं।
विज्ञापन
एकेटीयू की ओर से अब तक पांच चरणों की प्रवेश काउंसिलिंग हो चुकी है। अब छठे चरण की विशेष काउंसिलिंग में 12वीं पास छात्रों को सीधे रजिस्ट्रेशन कराकर प्रवेश का मौका मिलेगा। इस चरण में अब तक 30 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।
कहां कितनी सीटें खाली...
इसके अनुसार आईईटी लखनऊ में 238, कैश में 79, बीआईईटी झांसी में 247, केएनआईटी सुल्तानपुर में 189 सीटें खाली हैं। जबकि पुराने राजकीय इंजीनियरिंग संस्थानों में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बांदा में 52, अंबेडकरनगर में 33, कन्नौज में 83 व मैनपुरी में 118 सीटें खाली हैं। वहीं नए राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों में गोंडा में 210, बस्ती में 181, प्रतापगढ़ में 221 व मिर्जापुर में 100 सीटें खाली हैं।
कल तक देनी होगी चॉइस
इस तरह विशेष चरण की काउंसिलिंग में भी छात्रों को प्रवेश के लिए काफी मौके हैं। दरअसल, पहले के दो चरण में सीट पाने वाले कुछ छात्र अन्य उच्च स्तर के तकनीकी संस्थानों में सीटें पाने से अपनी सीट छोड़ देते हैं। इससे यह सीटें खाली हैं। विवि के अनुसार इस चरण में सोमवार देर रात तक रजिस्ट्रेशन हुए हैं। इनको 12 अगस्त तक चॉइस देनी होगी और 13 अगस्त को सीट अलॉटमेंट होगा।