कानपुर रोड सेक्टर-ओ में 200 भूखंडों पर कब्जे का रास्ता खुल गया है। यहां करीब आठ-नौ साल से समायोजन विवाद, ले-आउट बदलने, अवैध कब्जे और गड्ढे में भूखंड होने से लोग परेशान हैं। अब विवाद निपटने के बाद उम्मीद है कि सभी को अगले एक महीने में कब्जा मिलना शुरू हो जाएगा।
मानसरोवर योजना के आवंटी कई साल से प्राधिकरण में धक्के खा रहे हैं। करीब 200 आवंटी परेशान हैं। भूखंडों की तय जगह पर गड्ढे होने की वजह से कई दर्जन प्लॉट लंबे समय से फंसे हुए हैं। इसके बाद कई भूखंडों के समायोजन में गड़बड़ियां हो गईं।
साल 2006 से इसी तरह की कई परेशानियों से घिरे आवंटियों की दिक्कतें दूर नहीं हो पा रहीं थीं। इसकी सबसे बड़ी वजह है यहां बसा दी गई अंबेडकर नगर बस्ती। जो करीब 18 भूखंड घेरे हुए है। इन्हीं सब वजहों से मानसरोवर योजना के प्लॉटों पर आवंटन और रजिस्ट्री के बावजूद आवंटियों को कब्जा दे पाना संभव नहीं हो पा रहा है। इस वजह से सालों से लोगों का आशियाना नहीं मिल पा रहा था।