भारतेंदु नाट्य अकादमी की स्थापना का यह 50वां वर्ष चल रहा है। स्वर्ण जयंती समारोह के रूप में इसे यादगार बनाने की भी तैयारी है लेकिन यहां लंबे समय से चल रहा
निर्माण कार्य इसमें रोड़ बना हुआ है। थ्रस्ट थियेटर के सुंदरीकरण के कार्य में तय सीमा से कहीं ज्यादा समय लग चुका है। नतीजतन,नाटकों के मंचन के लिए शहर के अन्य हॉल या प्रेक्षागृहों को किराये पर लिया जाता है।
कार्यदायी संस्था की हीलाहवाली पर अकादमी के अध्यक्ष और निदेशक भी कई बार नाराज हो चुके हैं और शिकायत भी की है। बावजूद इसके कार्यदायी संस्था की ओर से इसे पूरा करने को लेकर तारीख पर तारीख दी जा रही हैं।
अकादमी के अध्यक्ष रति शंकर त्रिपाठी ने बताया कि कार्यदायी संस्था को अल्टीमेटम दिया गया है कि थ्रस्ट थियेटर को 15 अगस्त तक हर हाल में पूरा करके दे दें जिससे कि सितंबर से स्वर्ण जयंती समारोह को लेकर तैयारियां शुरू की जा सकें। इसके अलावा संगीत व कंप्यूटर कक्ष के निर्माण का काम भी चल रहा है। उम्मीद है कि वह भी जल्द ही पूरा हो जाएगा। उन्होंने
बताया कि हम चाहते हैं कि अकादमी के 50वें वर्ष का जश्न यादगार हो और हमारे अपने परिसर में ही मनाया जाए। इसके लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है।
बीएनए के पूर्व छात्रों का होगा सम्मान
अध्यक्ष रति शंकर त्रिपाठी ने बताया कि भारतेंदु नाट्य अकादमी के जयंती समारोह को भव्य स्वरूप दिया जाएगा। सात दिवसीय आयोजन पर विचार किया जा रहा है। इस दौरान
अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त और देश-विदेश में अपने अभिनय का लोहा मनवा रहे कलाकारों
को सम्मानित किया जाएगा। पूर्व और वर्तमान छात्रों की ओर से नाटकों का मंचन भी होगा।
स्वर्ण जयंती समारोह के मद्देनजर जल्द ही एक बैठक बुलाई जाएगी जिसमें निदेशक समेत अन्य
सदस्य शामिल होंगे। सभी के सुझाव लेकर बेहतर आयोजन की रूपरेखा तैयार होगी।