गोंडा में इसी जगह हुए हादसे में तीन की मौत।
- फोटो : अमर उजाला।
यूपी के गोंडा जिले के छपिया के पिपरा माहिम गांव में बुधवार की देर रात एक बड़ा हादसा हुआ है। गांव में स्थित मजार को भव्य बनाने के लिए हो रही खोदाई के कारण मिट्टी ढहने से चार लोग दब गए। इसमें से तीन की मौत हो गई, जबकि एक को रेफर किया गया है।
पिपरा माहिमगांव में स्थित मासूम-ए-मिल्लत की मजार को भव्य बनाने के लिए जेसीबी से दोनों साइड में रात में खोदाई की जा रही थी। वहां पर गांव के लोग मौजूद थे। तभी एकाएक मिट्टी के ढहने से किनारे पर मौजूद फरजान राजा, शकील मोहम्मद, फ़क़ीर मोहम्मद व अशद उस मिट्टी के ढेर में दब गए। जिससे अफरातफरी मच गई।
ग्रामीणों की मदद से दबे लोगों को बाहर निकाला गया। ग्रामीण उन्हें लेकर बलरामपुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्लाहनगर ले गए।चिकित्सकों ने 38 वर्षीय फरजान की हालत गंभीर देख लखनऊ रेफर कर दिया। जबकि शकील मोहमद 50 वर्ष निवासी पिपरामहिम, अशद 14 वर्ष निवासी पिपरामहिम व फ़क़ीर मोहम्मद 20 वर्ष निवासी रजवापुर थाना मनकापुर को मृत घोषित कर दिया।
देर रात हादसे की जानकारी पुलिस को मिली। एसओ छपिया संजीव वर्मा ने बताया कि मौके पर पुलिस लगाई गई है। अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी गई है। हादसे से गांव में मातम पसरा हुआ है।