गिरफ्तार किया गया पंचायत सचिव।
- फोटो : amar ujala
गोंडा जिले के पड़रीकृपाल ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत सचिव विजय कुमार को एंटी करप्शन टीम ने बृहस्पतिवार को 10 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद ग्राम प्रधान की तहरीर पर आरोपी पंचायत सचिव के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पंचायत सचिव विजय कुमार बलिया जनपद के बनकट मोहल्ले के रहने वाले विजय कुमार जिले के पड़रीकृपाल ब्लॉक में पिछले दो साल से बतौर पंचायत सचिव कार्यरत थे। बीते 30 दिसंबर को एंटी करप्शन टीम प्रभारी धनजंय सिंह से मिलकर पंचायत सचिव विजय कुमार की विशवा विशुनपुर बैरिया निवासी ग्राम प्रधान मनीष वर्मा ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
आरोप लगाया कि 100 मीटर इंटरलॉकिंग के दो लाख रुपए सरकारी धन भुगतान के एवज में सचिव विजय कुमार रिश्वत मांग रहे हैं। एंटी करप्शन टीम के मुताबिक बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान को भुगतान के एवज में घूस के लिए नगर कोतवाली के पंड़रीकृपाल ब्लॉक के पास स्थित खैराकुभंनगर प्राथमिक विद्यालय के किराये के मकान में बुलाया। वहां पहले से मुस्तैद एंटी करप्शन टीम ने 10 हजार रुपये घूस लेते पंचायत सचिव विजय कुमार को रंगे हाथ दबोच लिया।
आरोपी सचिव विजय कुमार को नगर कोतवाली लाकर घंटों तक पूछताछ की है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि ग्राम प्रधान मनीष वर्मा की तहरीर पर पंचायत सचिव विजय कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है साथ ही छानबीन की जा रही है।