स्कूलों में लड़के और लड़कियों के बीच समानता का माहौल बनाने और समाज में भेदभाव के माहौल को खत्म करने के लिए 10 दिसम्बर को विकास खंड बक्शी का तालाब, चिनहट व नगर क्षेत्र लखनऊ के चयनित प्राथमिक विद्यालय की 144 लड़कियों ने 12 टीमों में क्रिकेट मैच खेला।
यह प्रतियोगिता विज्ञान फाउण्डेश्ान व पैक्स कार्यक्रम द्वारा संचालित सशक्त बचपन परियोजना के तहत लखनऊ शहर के सहारा स्टेट स्टेडियम, जानकीपुरम में सम्पन्न हुई।
इस प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय बसहा, इरादत नगर, संसारपुर, मानपुरलाला, मुसाहिबगंज, ककौली, जानकीपुरम, गाजीपुर बस्तौली, बीगेरिया, आधारखेड़ा, मटियारी व प्राथमिक विद्यालय नौबस्ताकला की बालिका क्रिकेट टीमों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन श्री चांद सिद्दीकी, सभासद-जानकीपुरम द्वारा किया गया व उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालय स्तर पर इस तरह की खेल प्रतियोगिता आयोजित कराना सराहनीय कदम है, जो बालिकाओं को भी आगे बढ़ने का मौका दे रहा है।
इस अवसर पर पैक्स कार्यक्रम की कार्यक्रम अधिकारी सुश्री नमिता ने कहा आज भी समाज में बालिकाओं को समानता का दर्जा मिलने में तमाम दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है। इस असमानता को खत्म करने के लिए यह प्रतियोगिता आयोजित की गई है।
प्रतियोगिता में विजयी टीम प्राथमिक विद्यालय मानपुर लाला को श्री अजय द्विवेदी (नगर शिक्षा अधिकारी, जनपद लखनऊ) द्वारा शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ, सभी अन्य प्रतिभागितयों द्वारा शानदार खेल का प्रदर्शन करने के लिए उन्हें प्रशंसा पत्र दिया गया।