हसनगंज इलाके में रहने वाली युवती का आरोप है कि मंगलवार को उसकी सहेली शाकिबा ने फोन कर मिलने के लिए उसे कैसरबाग बुलाया था। इसके बाद वह उसे अकबरी गेट के पास प्रेमी मेहरान के घर लेकर चली गई। दोनों वहां पहुंचे तो मेहरान घर पर नहीं था। घर की चाभी शाकिबा के पास थी, जिससे उसने दरवाजा खोला। कमरे में दोनों सहेली बात कर रही थीं, तभी मेहरान वहां पहुंच गया। आरोप है कि मेहरान के कहने पर शाकिबा ने पीड़िता पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालना शुरू कर दिया। एफआईआर के मुताबिक मेहरान ने पीड़िता को धमकी दी और प्रेमिका के सामने उससे दुष्कर्म किया।
आरोपियों ने दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया
पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने ब्लैकमेल करने के लिए दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया। यही नहीं, आरोपियों ने यह बात किसी से नहीं बताने की धमकी भी दी। आरोप है कि शाकिबा ने युवती को ऑटो में बिठाकर घर भेज दिया। घर पहुंचकर उसने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद भाई के साथ सआदतगंज थाने पहुंची। इंस्पेक्टर का कहना है कि मेहरान के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी व शाकिबा पर साजिश रचने की धारा में केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विवेचना की जा रही है। इस प्रकरण में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।