अंबेडकरनगर। बसखारी थाना अंतर्गत दरगाह मोड़ स्थित घर पर हाईटेंशन लाइन तार गिरने से मंगलवार भोर में करंट की चपेट में आई एक किशोरी की झुलसने मौत हो गई। उधर इब्राहिमपुर थाना अंतर्गत अलीगंज गांव निवासी एक महिला सोमवार देर शाम पंखा लगाने के दौरान उतरे करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। स्थानीय इलाज के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बसखारी प्रतिनिधि के अनुसार बसखारी थाना अन्तर्गत जमालुद्दीन का दरगाह मोड़ पर आवास है। उसके ऊपर से हाईटेंशन लाइन गई है। छत पर सीमेंटेड चादर का शेड है। सोमवार रात उसकी पुत्री तबस्सुम उर्फ मुस्कान (15) शेड के नीचे सोई हुई थी। बताया जाता है कि मंगलवार भोर में वह सोकर उठी, तो उसने उस लोहे के पाइप को छू लिया, जिस पर सीमेंटेड चादर कसी हुई थी।
बताया जाता है कि रात में किसी समय ऊपर से गजर रहा हाईटेंशन लाइन तार टूटकर शेड पर गिर पड़ा। बारिश के चलते लोहे के पाइप में करंट उतरा हुआ था। इससे तबस्सुम करंट की चपेट में आ गई। चीख पुकार पर जब तक घरवाले उसे पाइप से अलग करते, तब तक झुलसकर उसकी मौत हो चुकी थी। एसओ जेपी सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
उधर इब्राहिमपुर थाना अंतर्गत अलीगंज गांव निवासी एक महिला सोमवार देर शाम पंखा लगाने के दौरान उतरे करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। परिवारीजनों के अनुसार गांव निवासी अमरावती (40) पत्नी शिवमूरत सोमवार देर शाम घर के बरामदे में पंखा लगा रही थी। इसी बीच उसमें करंट उतर गया, जिससे वह उसकी चपेट में आ गई।
गुहार पर जब तक घरवाले मौके पर पहुंचकर उसे पंखे से अलग करते, तब तक वह गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो चुकी थी। स्थानीय इलाज के बाद घरवाले उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।