बलरामपुर। जिले में दो दिन से लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार बारिश होने के कारण जहां गर्मी से राहत मिली है वहीं किसानों को लाभ भी पहुंचा है। खेतों में पानी भरने पर किसानों ने धान की रोपाई शुरू कर दी है।
बताते चलें कि जिले में सोमवार सुबह से ही बारिश हो रही है। लगातार बारिश होने से नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव हो गया है।
जिला मुख्यालय पर टेढ़ी बाजार, पहलवारा, सिविल लाइंस, तुलसी पार्क, नई बस्ती, भगवतीगंज आदि मोहल्लों में संपर्क मार्गों पर जलभराव के चलते लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यही हाल उतरौला, तुलसीपुर, पचपेड़वा आदि नगरों का भी है। दिनभर बारिश के कारण बाजारों में पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। बारिश के चलते जहां लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है वहीं गर्मी से राहत भी मिली है।
लगातार बारिश होने से खेतों में पानी भर गया है। इससे किसान गदगद हैं। किसानों ने धान की रोपाई शुरू कर दी है। गन्ने की फसल को भी बारिश से लाभ हुआ है।