कानपुर के चकेरी में शनिवार सुबह एक युवती ने अपने प्रेमी के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस का कहना है कि एक दिन पहले युवती के परिजनों ने उसे प्रेमी के साथ देख लिया था।
इसके बाद उसकी जमकर पिटाई की। इसी से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया। हालांकि अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
पुलिस के मुताबिक संदीप नगर निवासी आटो चालक यासीन की बेटी तैय्यबा (22) का पड़ोस में रहने वाले मौसेरे भाई ट्रक चालक शाहरुख से प्रेम संबंध थे। शुक्रवार शाम तैय्यबा मोहल्ले में शाहरुख से मिलने पहुंची थी।
दोनों को एक साथ देखकर तैय्यबा के भाई ने परिवार वालों को सूचना दे दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर दोनों की पिटाई कर दी। इसके बाद तैय्यबा को मारते हुए घर तक लाए। शनिवार सुबह परिवार वालों ने फिर उसे खरीखोटी सुनाई तो वह घर से निकलकर शाहरुख के यहां जा पहुंची।
परिजन भी शाहरुख के घर पहुंचे लेकिन तब तक तैय्यबा ने कमरा अंदर से बंद करके साड़ी के सहारे पंखे के कुंडे से फांसी लगा ली। इंस्पेक्टर राजीव द्विवेदी बोले, कोई आरोप लगता है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।