श्रावस्ती। बिना हेलमेट लगाए बाइक चालकों को पेट्रोल न देने के आदेश की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। पेट्रोल पंप संचालक इस आदेश का पालन नहीं कर रहे हैं। वहीं विभाग भी इस पर अंकुश लगाने में अक्षम दिख रहा है।
आए दिन हो रही मार्ग दुर्घटनाओं में ज्यादातर बाइक सवार ही गंभीर रूप से घायल होते हैं। कई बार उन्हें अपनी जान से भी हाथ धोना पड़ता है। इन दुर्घटनाओं में होने वाली मौत को कम करने के लिए शासन की ओर से पेट्रोल पंप संचालकों को आदेश जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि बिना हेलमेट लगाए यदि कोई बाइक सवार पेट्रोल लेने आता है तो उसे पेट्रोल न दें। शासन के इस आदेश का धरातल पर असर होता नहीं दिख रहा है। भिनगा के दहाना स्थित एक पेट्रोल पंप पर कुछ इसी तरह का नजारा दिखा। जहां बिना हेलमेट बाइक चालकों को पेट्रोल दिया जा रहा था। यह मात्र बानगी है। जिले के किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट बाइक सवारों को पेट्रोल भराते देखा जा सकता है। साथ ही बिना रोक-टोक पेट्रोल पंप कर्मी भी वाहन चालकों को पेट्रोल दे रहे हैं।
बॉक्स में
जारी आदेश के अनुपालन में शीघ्र ही पेट्रोल पंपों पर अभियान चलाकर जांच की जाएगी जिससे बिना हेलमेट पेट्रोल भराने वाले बाइक सवारों पर अंकुश लगाया जा सके।
दीपक कुमार वार्ष्णेय, डीएसओ